जीडीए वीसी ने सभी विभागों से मांगी प्रजेंटेशन रिपोर्ट

गाजियाबाद। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने सभी विभागों से प्रजेंटेशन की रिपोर्ट मांगी है। वह फिलहाल राजनगर स्थित उपाध्यक्ष आवास में नहीं रहेंगे। पूर्व उपाध्यक्ष कंचन वर्मा द्वारा अभी आवास खाली नहीं किया गया है। नए उपाध्यक्ष अभी गंगा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट प्रताप विहार के गेस्ट हाउस में रहेंगे। उधर, जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने सभी विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभागों का प्रजेंटेशन देने के निर्देश दिए हैं। चार्ज ग्रहण करने के बाद पहले यही निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जीडीए के प्रवर्तन, आवास अनुभाग, मास्टर प्लान, भू-अर्जन, उद्यान, म्यूटेशन आदि विभागों से रिपोर्ट तलब की गई। सभी विभागों से कहा गया कि वह अपने-अपने विभागों के सभी बड़े विकास कार्य जो इसी वर्ष पूरे हुए हों और जो विकास कार्य चालू वित्त वर्ष में पूरे होने हैं, इन सबसे संबंधित रिपोर्ट पेश करें। विभागवार समीक्षा भी करने की उन्होंने जीडीए सचिव संतोष कुमार राय से मंशा जाहिर की। साथ ही दोपहर बाद इसकी समीक्षा भी की गई। जीडीए उपाध्यक्ष का मुख्य फोकस शहर में अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने पर रहेगा। इस बारे में पहले ही जीडीए वीसी अपना प्लान घोषित कर चुके हैं।