पुलिस की मौजूदगी में घटना, आरोपी फरार
लखनऊ। जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में सोमवार को रायबरेली पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक एवं पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती पर काली स्याही फेंक दी गई। इससे एकाएक अफरा-तफरी मच गई। उधर, पुलिस ने इस प्रकरण में कुछ युवकों की तलाश शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में 2022 में विधान सभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यूपी में विधान सभा चुनाव अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर दिया है। इसके मद्देनजर आप अब उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में आप विधायक एवं दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती सोमवार को रायबरेली पहुंचे हैं। उन्होंने जिला पंचायत चुनाव के संबंध में आप कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करनी थी। उन्हें सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में रोका गया था। इस बीच कुछ युवकों ने विधायक भारती पर काली स्याही फेंक दी। इससे विधायक का चेहरा और कपड़े खराब हो गए। स्याही फेंकने और अपशब्द कहने के बाद युवक वहां से फरार हो गए। इस घटना पर आप विधायक भारती ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं की करतूत है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ अभद्रता की गई। इससे कानून व्यवस्था की हालत को समझना मुमकिन है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का एजेंडा सामने दिख रहा है। इस बीच गेस्ट हाउस में अमेठी पुलिस आ पहुंची। पुलिस ने आप नेता को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि उनके खिलाफ अमेठी में मुकदमा दर्ज है, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। वहीं, रायबरेली पुलिस का कहना है कि आप विधायक पर स्याही फेंकने के आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।
















