डबल मर्डर: घर में सो रहे बाप-बेटे की गला रेतकर हत्या

-मेरठ जोन के एडीजी, आईजी, एसएसपी, एसपी देहात ने की घटनास्थल की जांच
-घटना के खुलासे के लिए लगी 4 टीमें

गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में पिता-पुत्र की गला रेत कर हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड से एकाएक हड़कंप मच गया है। हत्या होने के बाद शाम को मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल एवं आईजी जोन प्रवीण कुमार ने एसएसपी पवन कुमार, एसपी देहात डॉ. ईरज राजा के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। एडीजी राजीव सभरवाल ने एसएसपी एवं एसपी देहात को जल्द दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत कासिम विहार कॉलोनी में बुधवार की देर रात कुछ लोगों ने एक घर मे घुस कर अंदर सो रहे पिता-पुत्र की गला रेत कर हत्या कर दी। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मूलरूप से संभल निवासी नइमुल हसन (32) कासिम विहार में पत्नी साइमा और चार बच्चों खुशी, इलमा, फरदान व उबैश (8) के साथ पिछले सात साल रह रहा था। नइमुल हसन पुराने फर्नीचर का काम करते थे। पड़ोस में उनके तीन भाई भी अपने अपने परिवार के साथ रहता है। पत्नी एक सप्ताह से बिहार अपने मायके में विवाह में गई हुई थी। पिता-पुत्र दोनों ही मकान में थे। रात घर में पिता-पुत्र सो रहे थे। पिता चारपाई पर लेटा था, जबकि बेटा बराबर वाले लकड़ी के तख्त पर सो रहा था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मृतक का भतीजा अरबाज घर में हेलमेट देने आया तो घर खुला हुआ था। जब उसने अंदर जाकर देखा तो दोनों का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी उसने तत्काल आसपास के लोगों और पुलिस को दी। मृतक के गले और पेट पर धारदार हथियार से प्रहार किए हुए थे। पेट की आंत बाहर निकली हुई थी। खबर पाकर मृतक के अन्य भाई वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि नईमुद्दीन का मोबाइल भी गायब है। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, एसएसपी पवन कुमार का कहना है कि पुलिस की 4 टीमें बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए लगाई गई है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कराया जाएगा। ट्रॉनिका सिटी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वारदात के पीछे अवैध संबंधों की आशंका है। घर में घुसने के लिए एक ही गेट है। आशंका है कि बदमाश घर में गेट खुलवा कर घुसे हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी सबसे पहले मृतक नेईमूउल के भतीजे को हुई, उसी ने परिजनों और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को हत्यारों का नहीं लगा सुराग
कासिम विहार कॉलोनी में पिता-पुत्र की हत्या के बाद पुलिस को हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कर रही हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि नईमुल हसन की पत्नी साइमा अपने एक रिश्तेदार की शादी में बिहार गई हुई है। अलीगढ़ निवासी साइमा चार दिन पहले अपने तीन बच्चों के साथ बिहार गई थी। घटना के वक्त नइमुल हसन और उनका बेटा उबैश ही मौजूद थे। पुलिस ने पति पत्नी के रिश्तों के बारे में भी परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। नईमुल हसन और साइमा के संबंध भी ठीक थे। परिजनों द्वारा साइमा को घटना की सूचना दी गई है। अंदेशा है कि डबल मर्डर केस को किसी जानकार द्वारा ही अंजाम दिया गया है। नइमुल हसन का छोटा सा घर करीब 35 वर्गगज में बना हुआ है। घर का मेनगेट लोहे का है और काफी मजबूत बना हुआ है। हत्यारोपी ने तड़के नइमुल हसन से मेनगेट खुलवाकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस को मृतक और उसकी पत्नी के अवैध संबंधों में वारदात होने का भी शक गहरा रहा है। पुलिस ने मृतक और उसकी पत्नी के नंबरों की सीडीआर खंगालना शुरू कर दिया है। एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। एडीजी जोन ने हत्याकंाड का सही खुलासा जल्द करने के निर्देश दिए है। पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।