किसान आंदोलन : त्यौहार स्पेशल 12 ट्रेनें रद्द

-पंजाब में ट्रेनों पर असर, यात्रियों की परेशानी बढ़ी

जयपुर। पंजाब में किसान आंदोलन रूक नहीं पाया है। इसके चलते रेलवे की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। किसान आंदोलन को ध्यान में रखकर रेलवे ने फिर कदम उठाया है। रेलवे ने 6 से 9 नवम्बर के बीच संचालित दर्जनभर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा 3 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। निरंतर ट्रेनें रद्द होने और रूट डायवर्ट होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्यौहारी सीजन में उन्हें सफर में दिक्कतें आ रही हैं। केंद्र सरकार द्वारा नया कृषि कानून लागू किए जाने का पंजाब में पुरजोर विरोध हो रहा है। सरकार के फैसले के खिलाफ पंजाब में जगह-जगह किसान आंदोलन हो रहे हैं। आंदोलनकारियों ने रेल पटरियों पर भी कब्जा कर रखा है। इससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। रेलवे को एहतियात के तौर पर कार्रवाई करनी पड़ रही है। इसी क्रम में रेलवे ने 6 से 9 नवंबर तक की अवधि में संचालित दर्जनभर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। उधर, 3 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया है। जबकि एक ट्रेन का मार्ग बदला गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील बेनीवाल के मुताबिक किसान आंदोलन का सीधा असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ रहा है। किसान आंदोलन को देखकर कई ट्रेन सेवाओं में परिवर्तन किया जा रहा है। इसके तहत त्यौहार स्पेशल 12 रेल सेवाओं को रद्द किया गया है। उन्होंने कहा कि माहौल सुधरने पर ट्रेनों का परिचालन पटरी पर आ जाएगा। बता दें कि नए कृषि कानून के खिलाफ पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कुछ दिन पहले दिल्ली आकर राजघाट पर धरना दिया था। दरअसल मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा था, मगर राष्ट्रपति कार्यालय ने उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं दी थी। इससे नाराज होकर पंजाब के मुख्यमंत्री राजघाट पर धरना देकर बैठ गए थे।