-जिलाधिकारी दीपक मीणा ने दिए निर्देश हर पौधे का रोपण हो संरक्षित, जागरूकता बने जन-आंदोलन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 9 जुलाई 2025 को वृक्षारोपण का महा-अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की रूपरेखा शुक्रवार को जिला वृक्षारोपण समिति की मासिक बैठक में तय की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री दीपक मीणा ने दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में की। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ईशा तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, और समिति के अन्य पदेन व नामित सदस्य उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान स्पष्ट किया गया कि जनपद को इस वर्ष 9,24,980 पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें वन विभाग स्वयं 2,00,975 पौधे रोपित करेगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्ष 2025-26 के वृक्षारोपण महा-अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने के लिए सभी विभाग 7 जुलाई तक पौधों की उठान प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे 9 जुलाई को योजनाबद्ध तरीके से रोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग दो से तीन बड़े स्थल चिन्हित करे जहाँ एक साथ बड़ी संख्या में पौधारोपण हो सके। हिण्डन नदी के किनारे विशेष ध्यान देते हुए अधिकतम पौधे लगाए जाएं ताकि जलवायु शुद्धि और नदी की पारिस्थितिकी को मजबूती मिल सके। बैठक में तय हुआ कि वृक्षारोपण अभियान को जनांदोलन का रूप देने के लिए इसमें छात्रों, स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) और जनप्रतिनिधियों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
सभी विभाग प्रत्येक पौधारोपण स्थल का विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार करें और यह सुनिश्चित करें कि रोपे गए हर पौधे का उचित संरक्षण भी किया जाए। प्रशासन ने निर्देश दिया कि हर स्थल पर वृक्षारोपण की तस्वीरें ‘मेरी लाइफ पोर्टलÓ पर अपलोड की जाएं, और प्रत्येक विभाग एक वृक्षारोपण बुकलेट भी तैयार करे, जिसमें पौधारोपण की संपूर्ण जानकारी, दिनांक, स्थान, पौधों की संख्या और संरक्षण की रणनीति स्पष्ट हो। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति से पुन: जुड़ाव का प्रयास है। प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति जागरूक करना हमारा दायित्व है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पर्यावरण की शुद्धता वृक्षों की संख्या पर निर्भर करती है, और यदि हम आज नहीं चेते तो आने वाली पीढिय़ों को इसका दुष्परिणाम भुगतना होगा।















