CM योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में किया 2,479 करोड़ की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

-सीएम ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का कर्टन रेजर जारी किया

-नोएडा प्राधिकरण के 390 करोड़ की लागत से बने नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा सेक्टर-96 स्थित नवीन ओखला विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन में आयोजित कर्टन रेजर समारोह के दौरान यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण की औपचारिक घोषणा की। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन मुख्य प्रशासनिक भवन का लोकार्पण सहित नोएडा एवं दादरी विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत 2,479 करोड़ रुपये की लागत वाली 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोई भी बड़ा उद्योग तभी सफल होता है जब उसके पीछे मजबूत एमएसएमई आधार मौजूद हो। विकसित भारत की संकल्पना तभी पूरी होगी जब किसान खुशहाल होगा, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर होगा और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्य कर रही हैं, जिनसे 1.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। कोविड काल में जब पूरी दुनिया प्रभावित थी, तब भी उत्तर प्रदेश का एमएसएमई क्षेत्र मजबूती से कार्य करता रहा। बाहर से लौटे कामगारों को प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने प्रयास किए और आज वही श्रमिक प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज लाखों करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात कर रहा है। सरकार ने एमएसएमई को तकनीक, डिजाइन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और बाजार उपलब्ध कराया है। पिछले चार वर्षों से ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो-2026 की औपचारिक घोषणा करते हुये बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चतुर्थ संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के प्रदर्शक, विदेशी खरीदार और निवेशक शामिल होंगे। बी-टू-बी और बी-टू-जी बैठकें आयोजित कर नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, उद्योग, जनकल्याण योजनाओं और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट प्रदेश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नवीन मुख्य प्रशासनिक भवन का लोकार्पण अवसर पर कहा कि नोएडा प्राधिकरण की जिम्मेदारी यहां के नागरिकों, किसानों, उद्यमियों, आरडब्ल्यूए और विभिन्न संस्थाओं की समस्याओं का समाधान करना है। अब नए भवन में सभी सुविधाएं एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी। उन्होंने प्राधिकरण से अपील की कि अधिक से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन किया जाए और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से कार्यों की निगरानी कर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्राधिकरण से जमीन लेकर निवेश नहीं किया है, उन्हें समय सीमा के भीतर नोटिस देकर नए निवेशकों को अवसर प्रदान किया जाए। नोएडा की स्थापना 1970 के दशक में जिस उद्देश्य से हुई थी, आज समय बदल चुका है। हमें वर्तमान आवश्यकताओं के अनुसार नई सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि नोएडा में सबसे बड़ी समस्याओं में बिल्डर-बायर विवाद भी शामिल था। सरकार ने समाधान निकालते हुए लाखों खरीदारों को राहत दिलाई। हाई लेवल कमेटी गठित कर समस्याओं का समाधान कराया गया और तीन लाख से अधिक बायर्स को उनके आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सफलता मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के सबसे बड़े निवेश केंद्रों में शामिल हो रहा है। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। जेवर से घरेलू उड़ानें शुरू हो चुकी हैं और शीघ्र ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी प्रारंभ होंगी। उन्होंने कहा कि जनपद में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, सोलर सेल, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और एयरपोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट विकसित हो रहे हैं। जो क्षेत्र कभी भय और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, आज वही क्षेत्र दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। आज गौतमबुद्धनगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र भारत के श्रेष्ठ निवेश गंतव्यों के रूप में स्थापित हो रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एमएसएमई लाभार्थियों को टूलकिट एवं प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। सेक्टर-146 में लगभग 250 किसानों को अर्जित भूमि के सापेक्ष 05 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड के लिए आरक्षण किया गया।

मुख्यमंत्री ने नरेश त्यागी एवं सुचिता त्यागी को सांकेतिक रूप से आरक्षण पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत 4800 संविदा कर्मियों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से मेडिकल सुविधा प्रदान की गई। इस सुविधा के अंतर्गत 5 लाख रुपए तक के इलाज के कैसे ले सुविधा प्रदान की जाएगी एवं परिवार के पांच सदस्यों को मेडिकल सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। इस दौरान स्वच्छता कर्मी अंजू तथा मिथिलेश को मुख्यमंत्री द्वारा सांकेतिक रूप से मेडिकल सुविधा हेतु चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही “एक जनपद एक उत्पाद“ तथा “एक जनपद एक व्यंजन“ के स्टाॅलों का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चैधरी, प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर बृजेश सिंह, राज्य मंत्री एमएसएमई हंसराज विश्वकर्मा, सांसद जसवंत सिंह सैनी, सांसद डॉ महेश शर्मा, सांसद सुरेंद्र नागर, जिला अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चैधरी, विधायक नोएडा पंकज सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला अध्यक्ष महानगर महेश चौहान, प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन शशि भूषण लाल सुशील, अवस्थापना और औद्योगिक विकास आयुक्त उत्तर प्रदेश दीपक कुमार, अवनीश अवस्थी, मंडलायुक्त मेरठ मंडल मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा कृष्णा करुणेश, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम आदि उपस्थित रहे।