– सेवियर सोसाइटी में हुआ प्रभावशाली साइबर जागरूकता कार्यक्रम
-एसीपी प्रियाश्री पाल ने जनता को दिए ठगी से बचने के सटीक उपाय
– ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल, क्यूआर स्कैम से कैसे बचें – मिला सरल मार्गदर्शन
– 1930 और www.cybercrime.gov.in को बताया सबसे जरूरी सुरक्षा टूल
– संवाद की सहजता और संवेदनशीलता बनीं प्रियाश्री पाल की पहचान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सतत साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र स्थित सेवियर सोसाइटी में एक प्रभावशाली और शिक्षाप्रद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान की अगुवाई सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वेवसिटी प्रियाश्री पाल ने की, जिसमें थाना प्रभारी क्रॉसिंग रिपब्लिक व उनकी पुलिस टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसीपी प्रियाश्री पाल ने न केवल वर्तमान साइबर अपराधों की प्रकृति को उजागर किया, बल्कि यह भी बताया कि आम नागरिक किस प्रकार इनसे बच सकते हैं। ओटीपी फ्रॉड, नकली बैंक कॉल्स, इंस्टाग्राम हैकिंग, ऑनलाइन लॉटरी, फर्जी जॉब ऑफर, क्तक्र कोड स्कैम आदि जैसे मामलों पर उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आज की तारीख़ में साइबर ठगी हथियार नहीं, तकनीक से होता अपराध है और इसका इलाज है जागरूकता। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं व नवयुवक शामिल हुए। सभी को जागरूक किया गया कि अगर वे किसी ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि का शिकार हों तो बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। एसीपी प्रियाश्री पाल की संवेदनशील कार्यशैली, संवाद की सरलता और सजगता ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रभावशाली बना दिया। उन्होंने आम जनता से सीधे संवाद किया, सवाल सुने और समाधान सुझाए। उनके साथ थाना प्रभारी क्रॉसिंग रिपब्लिक, क्षेत्रीय पुलिस टीम और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के बीच की यह जागरूकता की कड़ी, विश्वास और सुरक्षा का मजबूत पुल बनेगी।

















