बाइक पर डीएम, हाथों में तिरंगा और जुबां पर वंदे मातरम्, देशभक्ति से गूंजा शहर

  • हर नागरिक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़े और राष्ट्र के प्रति अपना सम्मान प्रकट करे : रविंद्र कुमार मॉंदड़
  • कविनगर से घंटाघर तक गूंजा ‘भारत माता की जय”, जगह-जगह नागरिकों ने किया रैली का स्वागत
  • भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को किया नमन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं सिविल डिफेंस गाजियाबाद की ओर से भव्य जागरूकता बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली निकाली गई। कविनगर रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली में तिरंगा हाथों में लेकर बड़ी संख्या में सिविल डिफेंस के अधिकारी, वार्डन, स्वयंसेवक और नागरिक शामिल हुए। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने स्वयं बाइक चलाकर रैली का नेतृत्व किया, जिससे प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ कविनगर रामलीला मैदान में हुआ। इस दौरान विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप सहित अन्य अतिथियों का सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विधायक अजीत पाल त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा रैली को रवाना किया।

रैली कविनगर रामलीला मैदान से हापुड़ रोड, संतोष अस्पताल, अंबेडकर रोड, चौधरी मोड़ और घंटाघर होते हुए शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थल पहुंची। यहां प्रतिभागियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रैली ठाकुरद्वारा तिराहे स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन किया गया। इसके बाद रैली हापुड़ रोड होते हुए वापस कविनगर रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ के स्वयं बाइक चलाकर नेतृत्व करने से प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने तिरंगा लहराकर रैली का स्वागत किया।

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगाÓ अभियान से जुडऩे का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराकर प्रत्येक नागरिक राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान प्रकट कर सकता है। सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने भी अधिक से अधिक लोगों से अभियान में भागीदारी करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद किया गया। रैली के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सिविल डिफेंस संगठन और स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।