-ममता गर्ग के नेतृत्व में गरीब बच्चों को शिक्षा देने वाली पहल में भाजपा नेता डॉ. मनोज गोयल और क्षेत्रीय गणमान्य उपस्थित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-1 स्थित बद्रीनाथ पार्क में गुरुवार को दशहरा पर्व इस बार विशेष रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंदिर के नाम से संचालित पहल में लगभग 50 गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने वाली ममता गर्ग के साथ भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल सहित क्षेत्र के कई सम्मानित नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि समाज में ऐसे लोग बहुत कम होते हैं, जो निस्वार्थ भाव से गरीब और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाकर उनके जीवन को संवारने का प्रयास करते हैं। उन्होंने ममता गर्ग के कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की और कहा कि शिक्षा मंदिर जैसे प्रयास ही आने वाले समय में राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बनाएंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रवीण अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सुनील वैद्य, शैलेंद्र अग्रवाल, प्रवीण अरोड़ा, महेश शिवहरे, नवीन जैन, शैलजा, मंगल सिंह और सभरवाल जी प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने एक स्वर में ममता गर्ग के कार्यों को अनुकरणीय बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बच्चों ने रामायण से प्रेरित प्रसंगों का मंचन कर उपस्थित जनों को गहराई से प्रभावित किया। दशहरा पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा गया कि जिस प्रकार अच्छाई बुराई पर विजय प्राप्त करती है, उसी प्रकार शिक्षा अज्ञानता और गरीबी पर विजय पाने का सबसे बड़ा हथियार है। ममता गर्ग ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल बच्चों को पढ़ाना नहीं है, बल्कि उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन मूल्यों की शिक्षा देना भी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का उज्ज्वल भविष्य उनके प्रयासों की असली सफलता है। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को समाज सेवा का अनुपम उदाहरण बताया और कहा कि इस प्रकार की प्रेरणादायक पहलों से समाज में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी बच्चों की शिक्षा और समाज के कल्याण के लिए इस तरह के प्रयासों में सहयोग करें। दशहरा पर्व के इस अवसर पर बच्चों की मुस्कान और उत्साह, ममता गर्ग की शिक्षा यात्रा और गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि शिक्षा और संस्कार के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।















