कटिहार के उप महापौर मंजूर खान से पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने की मुलाकात, स्वच्छता को लेकर हुई चर्चा

-शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में शहर के लोगों को भी समझनी होगी अपनी जिम्मेदारी: मंजूर खान

कटिहार। नगर निगम के उप महापौर मंजूर खान से शनिवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान अगामी दिनों में शुरु होने वाले रमजान माह की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया उप महापौर मंजूर खान बहुत सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं। क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के लिए गंभीर रहते हैं। इस दौरान तरुण मिश्र ने कटिहार की समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि सफाई के मामले में कहीं न कहीं आज भी कटिहार नगर निगम पीछे हैं। लोग आज भी स्वच्छता को लेकर जागरुक नहीं है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने के लिए नगर निगम को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। तभी कटिहार नगर निगम भी स्वच्छता के साथ-साथ सौंदर्यकरण में आगे होगा।

तरुण मिश्र की बातों को सुनकर उप महापौर मंजूर खान ने कहा कि स्वच्छता को लेकर नगर निगम बेहद गंभीर हैं। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरुक किया जा रहा हैं। साथ ही सौंदर्यकरण का कार्य जारी है। इसके अलावा नगर निगम अंर्तगत स्कूलों का भी सौंदर्यकरण जारी हैं। क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रतिदिन जनता दरबार के माध्यम से उनकी शिकायतों का समाधान करने का प्रयास किया जाता हैं। महापौर उषा अग्रवाल के नेतृत्व में कटिहार नगर निगम स्वच्छता की नई गाथा लिखने जा रहा हैं। स्वच्छता के साथ-साथ विकास कार्यों की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जा रहा हैं। शहर को गंदगी मुक्त बनाने के साथ-साथ पौधा रोपण अभियान भी चलाया जा रहा हैं। जिससे हमारा शहर गंदगी से मुक्त होकर स्वच्छता के साथ-साथ हरियाली युक्त शहर बन सकें।

उन्होंने कहा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर नगर निगम के साथ-साथ लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझने की जरुरत है। आम तौर पर गंदगी फैलाने में लोगों की भी प्रमुख भूमिका रहती है। मोहल्ले के मुहाने पर कचरा फेंकने की प्रथा पर अब भी विराम नहीं लग पाया है। जबकि कई मोहल्ले में कूड़ेदान की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों में दुकानदारों द्वारा नाला में कचरा फेंकने के कारण नाला जाम होता है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें जिम्मेदारी का एहसास कराना जरुरी है। शहर को स्वच्छ रखने में लोगों की पहल बेहद जरुरी है। इसके बाद ही सुंदर और स्वच्छ शहर का सपना साकार हो पाएगा। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं। जरुरत हैं, लोगों को नगर निगम के कार्यों में अपना सहयोग देने की। इस दौरान उप महापौर ने तरुण मिश्र द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।