• अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के लिए निर्धारित मात्रा का वितरण, मोबाइल ओटीपी से सत्यापन
• उचित दर विक्रेताओं को निर्देश: टोकन प्रणाली का पालन और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित
• शिकायत या असुविधा होने पर क्षेत्रीय अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों से संपर्क करें
• अभियान केवल राशन देने का नहीं, शासन की संवेदनशीलता और पारदर्शिता का प्रतीक: अमित तिवारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद के सभी राशन कार्डधारकों के लिए खुशखबरी है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत शासन के निर्देश पर माह नवंबर का नि:शुल्क राशन वितरण अभियान जिले के सभी उचित दर दुकानों पर 8 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा। इस अभियान के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को गेहूं और चावल नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे। इस बारे में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने विस्तार से जानकारी दी। अमित तिवारी ने बताया कि जिले में यह वितरण अभियान पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि कोई भी गरीब परिवार भूखा न रहे और सभी पात्र लाभार्थियों तक समय पर राशन पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंत्योदय राशनकार्ड धारकों को प्रति कार्ड 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल, जबकि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल वितरित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि वितरण समय प्रात: 8 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक तय किया गया है। इस दौरान प्रत्येक उचित दर विक्रेता को निर्देश दिए गए हैं कि टोकन प्रणाली का पालन करें और प्रतिदिन निर्धारित संख्या में राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि वितरण के समय नोडल अधिकारी और क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न हो और वितरण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जा सके। अमित तिवारी ने बताया कि वितरण की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2025 है और वितरण मोबाइल ओटीपी के माध्यम से सत्यापित किया जाएगा। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर उचित दर विक्रेताओं से अपना राशन प्राप्त करें और वितरण प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग दें। इसके अलावा, पोर्टेबिलिटी प्रणाली के तहत लाभार्थी अन्य उचित दर दुकानों से भी राशन प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन यह सुविधा केवल उस दुकान पर उपलब्ध स्टॉक तक ही सीमित रहेगी।
अमित तिवारी ने बताया कि वितरण के दौरान विभाग के अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में राशन मिले। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे वितरण तिथि, राशन की मात्रा और अन्य आवश्यक जानकारी अपनी दुकानों पर पहले से चस्पा करें, ताकि कार्डधारकों में किसी प्रकार का भ्रम न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने लाभार्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यह वितरण अभियान केवल राशन देने का नहीं है, बल्कि शासन की संवेदनशीलता और पारदर्शिता का प्रतीक भी है। उनका कहना था कि विभाग का उद्देश्य है कि हर पात्र परिवार को समय पर उसका हक मिले और किसी भी स्तर पर कोई असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रीय अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से वितरण की निगरानी की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि हर लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में राशन मिले। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे वितरण प्रक्रिया में सहयोग दें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।
शिकायत और सहायता के लिए विशेष व्यवस्था
कार्डधारकों की सुविधा हेतु विभाग ने शिकायत निवारण की भी मजबूत व्यवस्था की है। यदि किसी लाभार्थी को अनाज वितरण में परेशानी आती है तो वह सीधे अपने क्षेत्रीय अधिकारी से संपर्क कर सकता है।
• मोदीनगर तहसील – विनोद भारती (मो. 9528871403), स्वेज पंवार (मो. 9720577155)
• भोजपुर ब्लॉक – हेमलता (मो. 7408137240)
• मुरादनगर क्षेत्र – शैलेश कुमार सिंह (मो. 9453416386)
• लोनी तहसील – विशाल यादव (मो. 7906871761), आनंद स्वरूप त्रिपाठी (मो. 9984450573)
• सदर तहसील – प्रिया तिवारी (मो. 6394555683)
• नगर क्षेत्र प्रथम – सत्यप्रकाश मालवीय (मो. 8010287829)
• नगर क्षेत्र द्वितीय – प्रियंका राय (मो. 8800453645)
• ट्रांस-हिंडन क्षेत्र – नूर फातिमा (मो. 8081205222)
• खोड़ा क्षेत्र – दिव्या जिंदल (मो. 8860369093)
साथ ही, किसी भी अन्य शिकायत के लिए कार्डधारक जिला पूर्ति कार्यालय, गाजियाबाद (फोन: 0120-3761964) पर संपर्क कर सकते हैं।
विभाग पूरी तरह तैयार

जिला पूर्ति अधिकारी
विभाग के अधिकारी लगातार फील्ड पर रहेंगे और वितरण की प्रत्येक प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वितरण में किसी भी लाभार्थी को वंचित न किया जाए। यह अभियान केवल अनाज बांटने का नहीं, बल्कि शासन की संवेदनशीलता और पारदर्शिता का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार को समय पर उसका अधिकार मिले।
अमित तिवारी
जिला पूर्ति अधिकारी।















