-नगर निगम मुख्यालय और जोनल कार्यालयों के साथ प्रमुख गेटों को भी लाइटिंग के माध्यम से विशेष रूप से सजाया जाएगा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिवाली महापर्व के मौके पर गाजियाबाद नगर निगम इस वर्ष भी शहर को रंग-बिरंगी लाइटों और विशेष सजावट के माध्यम से जगमगाने की तैयारी कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर के सभी अंधेरे स्थानों का निरीक्षण किया जाए और वहां लाइटिंग के माध्यम से उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सूरज ढलने के बाद नगर निगम की टीम मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक वार्डों में भी निरीक्षण करेगी और जहां आवश्यक होगा, वहां तत्काल प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी। नगर आयुक्त ने विशेष रूप से प्रकाश विभाग की टीम को शहर को सजाने का जिम्मा सौंपा है, ताकि दिवाली की खुशियाँ पूरे शहर में फैलें। वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश जंग बहादुर यादव ने बताया कि इस वर्ष अंबेडकर रोड, ठाकुरद्वारा रोड, कलेक्ट्रेट के सामने का रोड और अन्य प्रमुख मार्गों को विशेष रूप से रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा।
इसके अलावा प्रमुख चौराहों जैसे दुर्गा भाभी चौक, मोहन नगर चौक, हिंडन एयरपोर्ट चौक, अटल चौक वसुंधरा, महावीर चौक इंदिरापुरम, होली चाइल्ड नेहरू नगर चौक, हापुर चुंगी, प्रताप विहार चौक को दिवाली की विशेष लाइटिंग से सजाया जाएगा। नगर निगम मुख्यालय और समस्त जोनल कार्यालयों को भी विशेष लाइटिंग और सजावट के माध्यम से दिवाली के पर्व के लिए तैयार किया जाएगा। प्रभारी प्रकाश आश कुमार ने बताया कि शहर के सभी अंधेरे स्थानों और जिन क्षेत्रों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां तत्काल कार्यवाही कर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आंतरिक वार्डों में भी रोस्टर के अनुसार कार्यवाही जारी है, ताकि हर जगह पर्याप्त रोशनी रहे।
नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखें और कहा कि दिवाली केवल रोशनी का पर्व ही नहीं बल्कि सौंदर्य और स्वच्छता का उत्सव भी है। उन्होंने विशेष रूप से व्यापारी वर्ग के योगदान की सराहना की, जो हर वर्ष दिवाली पर शहर की सजावट और स्वच्छता में सक्रिय रूप से सहयोग देते हैं। महापौर सुनीता दयाल के निर्देशानुसार नगर निगम का प्रकाश विभाग डासना गेट, दिल्ली गेट, जवाहर गेट और सिहानी गेट को भी लाइटिंग और सजावट के माध्यम से उजागर करने की योजना बना रहा है। इस दिवाली, गाजियाबाद शहर न केवल रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग करेगा, बल्कि नगर निगम और व्यापारियों के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक भी दिखाई देगा। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा, प्रकाश और सजावट का पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि यह पर्व शहरवासियों के लिए यादगार और आनंदमय बन सके।

महापौर
नगर निगम गाजियाबाद।
दिवाली केवल रोशनी का पर्व ही नहीं बल्कि स्वच्छता, सौंदर्य और सामूहिक आनंद का त्योहार भी है। उन्होंने शहरवासियों और व्यापारी वर्ग से अपील की कि वे नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करें और अपने क्षेत्रों को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाए रखें। नगर निगम इस बार दिवाली पर प्रमुख गेटों और चौराहों को विशेष सजावट और लाइटिंग के माध्यम से जगमग करेगा, जिससे शहर के हर हिस्से में उत्सव की खुशियाँ महसूस हों।
सुनीता दयाल
महापौर

नगर आयुक्त
नगर निगम इस दिवाली सभी अंधेरे स्थानों का निरीक्षण कर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। सूरज ढलते ही मुख्य मार्गों और आंतरिक वार्डों में टीम जाकर लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि शहर को सजाने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी विभाग पूरी तरह सक्रिय रहेंगे ताकि गाजियाबाद के नागरिक एक यादगार और सुरक्षित दिवाली मना सकें।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त