गाजियाबाद में सफाई का महायुद्ध: निगम ने चलाया धूल और प्रदूषण मुक्त बनाने का व्यापक अभियान

-मुख्य मार्गों और वार्डों में लगातार पानी छिड़काव और धूल नियंत्रण के लिए नगर आयुक्त ने दिए विशेष निर्देश
-खुले में निर्माण सामग्री बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई, 1,82,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया
-डाबर से आनंद विहार, रोटरी गोल चक्कर से राजनगर एक्सटेंशन और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में चलाया महा अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को धूल मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने प्रमुख मार्गों के साथ-साथ आंतरिक मार्गों में भी व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम के सभी विभागों ने तेजी से कार्यवाही शुरु कर दी है। शुक्रवार को प्रात: भ्रमण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से कवि नगर हापड़़ चुंगी से लेकर पुलिस लाइन तक और डायमंड फ्लाईओवर से एनएच 24 तक महा अभियान की निगरानी की। इस अभियान के दौरान निगम के पांचों जोनों के अंतर्गत विभागीय अधिकारियों की मॉनिटरिंग में मुख्य मार्गों और आंतरिक वार्डों में पानी छिड़काव तथा धूल मुक्त करने का कार्य कराया गया। नगर आयुक्त ने टीम को निर्देश दिए कि धूल नियंत्रण के साथ-साथ नागरिकों को जागरूक करने के लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाए, ताकि शहर में वायु गुणवत्ता में सुधार हो सके।

मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि निगम द्वारा खुले में बिक रही निर्माण सामग्री पर लगाम लगाने के लिए अभियान चलाया गया। इसके तहत पांचों जोनों में 1,82,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिसमें वसुंधरा जोन से 1,30,000 रुपये, सिटी जोन से 10,000 रुपये, विजयनगर जोन से 30,000 रुपये, मोहन नगर जोन से 10,500 रुपये और कवि नगर जोन से 2,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम ने बताया कि वायु गुणवत्ता सुधार के लिए यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा। डाबर से आनंद विहार तक, रोटरी गोल चक्कर से राजनगर एक्सटेंशन तक, चौधरी मोड़ से विजयनगर थाने तक, आरडीसी राजनगर से सेक्टर 23 संजय नगर तक, और हिंडन एयर फोर्स स्टेशन से करण गेट तक महा अभियान के रूप में उपकरणों के साथ सड़कों को धूल मुक्त करने और पानी छिड़काव का कार्य किया जाएगा।

नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि वायु प्रदूषण और धूल के कारण लोगों की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, इसलिए इन अभियानों के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे खुली जगह पर निर्माण सामग्री के भंडारण और सड़क पर धूल फैलाने से बचें। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि हमारे शहर की वायु गुणवत्ता सुधारना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए हम मुख्य मार्गों के साथ-साथ वार्डों में भी लगातार अभियान चला रहे हैं। नगर निगम का यह प्रयास नागरिकों के स्वास्थ्य और सफाई के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि आगामी दिनों में निगम द्वारा उपकरणों और कर्मियों की संख्या बढ़ाकर धूल नियंत्रण और पानी छिड़काव की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके साथ ही खुली जगहों और निर्माण स्थलों पर निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान के माध्यम से नगर निगम ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि गाजियाबाद को स्वच्छ और धूल मुक्त बनाने के लिए सभी विभाग सक्रिय हैं और खुले में निर्माण सामग्री रखने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस पहल में सहयोग करें ताकि शहर का वातावरण स्वस्थ और सुरक्षित बने।