गड्ढों से जूझते ग्रेनो की सड़कों को मिलेगा नया जीवन, चार वर्क सर्किल की सड़कों पर खर्च होंगे 2.75 करोड़

-बारिश के बाद सड़कें हुईं ज्यादा खराब, अथॉरिटी ने शुरू की सुधार की कवायद
-सेक्टर ईटा, अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा की सड़कों पर भी नजर
-पैच रिपेयरिंग के लिए दोबारा निकाली गई निविदा, बारिश के बाद गति पकड़ेगा काम

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। शहर की सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने सड़कों की पैच रिपेयरिंग कराने के लिए निविदा जारी कर दी है। इस काम पर करीब 2.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अथॉरिटी ने खराब सड़कों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निविदा प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई और इसमें शामिल होने की अंतिम तिथि एक सितंबर निर्धारित की गई है। फर्म का चयन होने के बाद बारिश का मौसम समाप्त होते ही व्यापक स्तर पर सड़क मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।

चार वर्क सर्किल की सड़कें होंगी दुरुस्तपैच रिपेयरिंग के तहत वर्क सर्किल-4, 5, 6 और 7 के अंतर्गत आने वाली सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। इन चारों वर्क सर्किल में ग्रेटर नोएडा के लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों के साथ आसपास के गांव भी आते हैं। योजना के तहत सेक्टरों की आंतरिक सड़कों के साथ शहर की मुख्य और बाहरी सड़कों पर बने गड्ढों को भरा जाएगा। अथॉरिटी का लक्ष्य इन क्षेत्रों की सड़कों को गड्ढामुक्त करना है।रखरखाव के अभाव में बिगड़ी सड़कों की हालतशहर में कई सड़कों पर लंबे समय से नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से भी आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय स्तर पर इन सड़कों की मरम्मत की मांग लगातार उठती रही है। अधिकारियों को भी अलग-अलग माध्यमों से खराब सड़कों और गड्ढों की जानकारी दी गई है। इसके बाद ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एनजी रवि कुमार एनजी ने परियोजना विभाग को सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। शहर के सूरजपुर-कासना मार्ग पर कई जगह सड़क की स्थिति खराब है। इसके अलावा जुनपत गोलचक्कर से सेक्टर म्यू की ओर जाने वाली सड़क पर भी गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

सेक्टर ईटा में मिग्सन सोसाइटी के सामने की सड़क, अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और स्वर्ण नगरी समेत कई सेक्टरों में भी जगह-जगह गड्ढे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सड़कों पर भी गड्ढों की समस्या सामने आई है। पैच रिपेयरिंग के लिए अथॉरिटी की ओर से पहले भी निविदा जारी की गई थी, लेकिन ठेकेदार काम करने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके चलते सड़क मरम्मत की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब अथॉरिटी ने दोबारा निविदा जारी कर काम को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। फर्म का चयन होने के बाद बारिश समाप्त होने पर काम शुरू कराया जाएगा।

एके सिंह, महाप्रबंधक
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। खराब सड़कों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत के लिए निविदा जारी की गई है। फर्म का चयन होने के बाद बारिश के मौसम के समाप्त होते ही पैच रिपेयरिंग का काम कराया जाएगा। बारिश की वजह से जहां नए गड्ढे बने हैं, उन्हें भरने का काम फिलहाल भी कराया जा रहा है। इससे लोगों को तत्काल स्तर पर कुछ राहत देने की कोशिश की जा रही है।