उम्मीद : अमेरिका में लगेगी अप्रवासियों की लॉटरी

5 लाख भारतीयों को भी जल्द मिलेगी नागरिकता

वाशिंगटन। अमेरिका में नए राष्ट्रपति जो बाइडेन के राज में अप्रवासी नागरिकों की बड़ी टेंशन दूर होने की उम्मीद बढ़ गई है। एक करोड़ से अधिक अप्रवासियों को अमेरिका की नागरिकता मिल सकती है। 5 लाख भारतीयों को भी लाभ मिलेगा। जो बाइडेन की जीत के बाद नागरिकता की आस में बैठे अप्रवासियों की उम्मीदों को पंख लग गए हैं। जो बाइडेन के राज में प्रतिवर्ष 95 हजार नागरिकों को अमेरिकी नागरिकता देने का प्लान है। जो बाइडेन के चुनाव प्रचार के दरम्यान इस बावत दस्तावेज जारी किया गया था। दस्तावेज के अनुसार वह तुरंत अपने सिस्टम को आधुनिक बनाने वाले विधायी आव्रजन सुधार को पारित करने हेतु कांग्रेस के साथ काम करना शुरू कर देंगे। इसमें 1.1 करोड़ अनिर्दिष्ट अप्रवासियों हेतु नागरिकता का रोडमैप तैयार करना शामिल है। इन अप्रवासियों में 5 लाख भारतीय शामिल हैं। जिन्हें इसका लाभ मिलेगा। डेमोक्रेट्स के चुनावी दस्तावेज में कहा गया है कि बाइडेन प्रशासन परिवार आधारित आप्रवासन का समर्थन करेगा और अमेरिका के आव्रजन प्रणाली के मूल सिद्धांत के रूप में परिवार के एकीकरण को संरक्षित करेगा, जिसमें परिवार वीजा बैकलॉग को कम करना शामिल है। दस्तावेज में कहा गया है कि बाइडेन अमेरिका में शरणार्थियों का स्वागत करते हैं। नई नीति के बाद अमेरिका आने वाले वार्षिक वैश्विक शरणार्थियों की संख्या 1.25 लाख निर्धारित की जाएगी। बाइडेन प्रतिवर्ष 95 हजार शरणार्थियों की न्यूनतम प्रवेश संख्या तय करने के लिए कांग्रेस के साथ भी काम करेंगे। इससे पहले बाइडेन ने डेलावेयर के विल्मिंगटन में अपने चुनाव प्रचार मुख्यालय से देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी राजनीति का मकसद देश हित में काम करना है। आपसी टकरावों को हवा देना नहीं है। हमारा मकसद समस्याओं को सुलझाने का रास्ता तलाशना है। न्याय की गारंटी और सबको समान अधिकार देना है। बता दें कि डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिक उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को मात दी है।