यमुना सिटी में जापानी निवेश की उड़ान, 2025 करोड़ की परियोजना की रखी जाएगी नींव

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे एस्कॉर्ट्स कुबोटा परियोजना का वर्चुअल ग्राउंड-ब्रेकिंग
-500 एकड़ में प्रस्तावित जापानी सिटी का निवेशकों के सामने होगा विशेष प्रस्तुतीकरण
-यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में 200 से अधिक जापानी उद्योगपति और कारोबारी होंगे शामिल
-ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट निर्माण से औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश को बढ़ावा देने के लिए चल रही ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026’ में यमुना सिटी प्रमुख केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगी। 18 से 23 अगस्त तक यूपी और दिल्ली में आयोजित हो रही इस मीट के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना सिटी के सेक्टर-10 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा की प्रस्तावित औद्योगिक इकाई का वर्चुअल ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी करेंगे। इसके लिए सेक्टर-10 में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के अलावा यमुना अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में करीब एक हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। विधायक धीरेंद्र सिंह इस मौके पर लोगों को संबोधित भी करेंगे। जापान के 200 से अधिक कारोबारी होंगे शामिलमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक और वैश्विक निवेश केंद्र बनाने के प्रयासों के बीच जापान के साथ आर्थिक साझेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन्वेस्टमेंट मीट में जापान के 200 से अधिक प्रमुख उद्योगपति, सीईओ, कारोबारी प्रतिनिधि और नीति-निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। मीट में जेट्रो, एस्कॉर्ट्स कुबोटा, कुबोटा कॉर्पोरेशन जापान, तोशिबा इंडिया, मदरसन ग्रुप, सेतोलास एशिया, होंडा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन इंडिया, डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया, सुमितोमो कॉर्पोरेशन इंडिया, स्पार्क मिंडा टोयो डेंसो और पैनासोनिक समेत कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

500 एकड़ में विकसित होगी जापानी सिटी

इन्वेस्टमेंट मीट के दौरान यमुना सिटी में प्रस्तावित 500 एकड़ की जापानी सिटी का भी विशेष प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। बुधवार को यमुना अथॉरिटी के चेयरमैन आलोक कुमार जापानी निवेशकों के सामने इस परियोजना का प्रजेंटेशन देंगे। माना जा रहा है कि इस प्रस्तुतीकरण के बाद कई जापानी कंपनियां यमुना सिटी में निवेश को लेकर अपनी योजनाओं की घोषणा कर सकती हैं।

2025 करोड़ की परियोजना से रोजगार के अवसर

यमुना सिटी के सेक्टर-10 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा की करीब 2,025 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। कंपनी यहां ट्रैक्टर, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट और इससे जुड़े उत्पादों का निर्माण करेगी। परियोजना के धरातल पर आने के बाद 3,800 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा की परियोजना की ग्राउंड-ब्रेकिंग को यमुना सिटी में जापानी निवेश के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सेक्टर-10 में होने वाले कार्यक्रम के लिए मंच, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन के जरिए यमुना सिटी को जापानी कंपनियों के लिए निवेश के प्रमुख ठिकाने के रूप में पेश करने की तैयारी है।