चौपाल लगाकार मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर ने सुनी लोगों की समस्याएं

– सोमवार को विजयनगर जोन में लगा चौपाल, निगम अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुनी शिकायतें

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं जन-प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू हुई जन-चौपाल कार्यक्रम काफी लोकप्रिय हो रहा है। जन-चौपाल के तहत मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर किसी एक एक क्षेत्र में क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोगोें की शिकायतें सुनते हैं और उन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाता है। जन-चौपाल का मकसद शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर करने के साथ-साथ शहरवासियों की छोटी-छोटी दिक्कतों तो तत्काल दूर करना है। सोमवार को विजय नगर जोन में जन-चौपाल लगाई गई। इस दौरान मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने वहां आए लोगों की एक-एक कर शिकायतें सुनी और निगम अधिकारियों को तुरंत शिकायत दूर करने को कहा।
म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने गाजियाबाद का चार्ज संभालने के तत्काल बाद कहा था कि मैं पहले बेसिक्स को ठीक करूंगा और शहरवासियों की शिकायतों को दूर करूंगा। अपने कार्यक्रमों के माध्यमों से वह इस पर अमल भी कर रहे हैं। जन-चौपाल शहरवासियों की समस्याओं के निस्तारण एवं अधिकारियों व जनता के बीच की दूरी को पाटने में काफी कारगर साबित हो रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या को सीधे क्षेत्रीय अधिकारी को अवगत कराए। समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। जन-चौपाल में अधिकांश शिकायतें सड़क मरम्मत, पटरी, पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं सीवर से संबंधित रही। चौपाल में उपस्थित पार्षदों द्वारा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी एवं नागरिकों से निगम अधिकारियों का परिचय कराया गया। इस मौके पर पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की प्रमुख 5 समस्याएं रखीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों को म्युनिसिपल कमिश्नर ने आदेश दिया कि वह क्षेत्र में घूमकर जनता की समस्याओं का निस्तारण करते रहें। इससे छोटी-मोटी शिकायतें करने से जनता परहेज करेगी। पार्षदों एवं आरडब्ल्यूए ने नगर निगम के चौपाल कार्यक्रम की प्रशंसा की। मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्त समस्याओं को सुना जाएगा और उसके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एसबीएम नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ. मिथलेश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, पार्षद संतराम यादव, मीनल रानी, सुरेंद्र सेन, पिंटू सिंह, आसिफ चौधरी, हरीश राठौर, एस.के. राजन आदि मौजूद रहे।