-संजयनगर, शास्त्री नगर और गोविंदपुरम में सफाई व्यवस्था का जायजा, नागरिकों को जागरूक किया गया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम लगातार कदम उठा रहा है। गुरूवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार और वार्ड-67 के पार्षद अजय शर्मा के साथ संजयनगर सेक्टर-23 में चल रहे डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि शहरवासियों तक गीला और सूखा कचरा पृथक्करण का संदेश पहुंच रहा है और यह अभियान पूरे जोरों पर जारी है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कवि नगर जोन के अंतर्गत गोविंदपुरम, शास्त्री नगर, संजयनगर सेक्टर-23 और राजनगर की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने पाया कि अधिकांश क्षेत्रवासियों ने कचरा पृथक्करण में उत्कृष्ट भागीदारी दिखाई। इस पर नगर आयुक्त ने नागरिकों की सराहना की और उन्हें प्रेरित किया कि वे इसी तरह सफाई में सहयोग करें।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर घर से कूड़ा उठाने का कार्य किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग के तहत प्रतिदिन डोर-टू-डोर वाहनों के संचालन की जानकारी ली जा रही है। निरीक्षण के दौरान नागरिकों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर निगम के अधिकृत वाहनों में डालने की अपील की गई। राजनगर और शास्त्री नगर के नागरिकों ने कचरा पृथक्करण मुहिम की प्रशंसा की और इसे और मजबूत बनाने की इच्छा व्यक्त की। मौके पर नगर आयुक्त ने 311 एप्लिकेशन के माध्यम से सफाई मित्रों की हाजिरी और कार्यप्रणाली के बारे में क्षेत्रीय नागरिकों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नगर निगम के पाँचों जोन में लगभग 650 कूड़ा कलेक्शन वाहन कार्यरत हैं, जिनमें प्रत्येक वाहन में ड्राइवर और हेल्पर तैनात हैं। स्वास्थ्य विभाग की कार्यदायी संस्थाएं नेचर ग्रीन और जे एस एनवायरो सफाई कार्य और कूड़ा कलेक्शन को सुनिश्चित कर रही हैं।
नगर निगम द्वारा कूड़ा कलेक्शन वाहनों में जीपीएस मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है, जिससे संचालन और समय पर कचरा उठाने की प्रक्रिया सटीक बनी हुई है। नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों का सक्रिय योगदान कचरा पृथक्करण में निर्णायक भूमिका निभाता है और इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिक प्रभावी और सरल हो जाएगा। नगर आयुक्त ने नागरिकों को ट्रिपल आर (रिड्यूस , रीयूज, और रीसायकल) के महत्व के बारे में जानकारी दी और उन्हें प्रेरित किया कि वे कचरा पृथक्करण की आदत को अपने परिवार और समाज में बढ़ावा दें। उन्होंने बताया कि यह अभियान सिर्फ कचरा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में जागरूकता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने का भी माध्यम है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी क्षेत्र में कचरा उठाने के लिए वाहन नियमित रूप से आएं और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग रखा जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि इस पहल से न केवल शहर स्वच्छ होगा बल्कि नगर निगम की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी। इस मौके पर वार्ड-67 के पार्षद अजय शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और क्षेत्रीय सफाई कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने नगर आयुक्त के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे अभियान को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।