रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल, टीबी रोगियों को वितरित की गई पोषण पोटली

जागरूकता और पोषण ही टीबी से लड़ाई का सबसे बड़ा हथियार: एसीपी उपासना पाण्डेय
-स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में रोगियों को दी गई जरूरी चिकित्सकीय जानकारी
-रेड क्रॉस की संवेदनशील पहल, पोषण पोटली से टीबी मरीजों को मिला सहारा
-जागरूकता और पोषण से टीबी पर वार, स्वास्थ्य कार्यक्रम में उमड़ी सहभागिता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रेड क्रॉस सोसाइटी, विजय नगर द्वारा शुक्रवार को आयोजित विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में टीबी रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मरीजों को टीबी रोग से बचाव, उपचार की निरंतरता और संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन टीबी रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से रोगियों को पोषण सामग्री से युक्त पोटलियां वितरित की गईं। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी जैसी बीमारी से डरने की नहीं बल्कि जागरूक होकर लडऩे की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार और उचित पोषण से इस बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है।
उन्होंने समाज से अपील की कि टीबी मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए और उन्हें सामाजिक सहयोग प्रदान किया जाए। उपासना पाण्डेय ने अपने संबोधन में मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और परिवार के सदस्यों को भी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सुरक्षा और सामाजिक सहायता से जुड़ी सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जा सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मरीजों को दवा बीच में न छोडऩे, स्वच्छता बनाए रखने और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी। रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था लगातार समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल मरीजों को सहयोग मिलता है बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित मरीजों ने संस्था एवं प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। आयोजन में स्वास्थ्यकर्मी, स्वयंसेवक, समाजसेवी तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।