राहत : वरिष्ठ नागरिकों के लिए हवाई सफर सस्ता

एयर इंडिया की फ्लाइट में लगेगा आधा टिकट

नई दिल्ली। हवाई यात्रा के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें एयर इंडिया की टिकट के लिए अब सिर्फ 50 प्रतिशत रकम देनी होगी। हाफ टिकट पर वह हवाई यात्रा कर सकेंगे। मोदी सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को यह तोहफा दिया है। इस संबंध में जरूरी गाइड लाइन भी जारी कर दी गई हैं। विमानन मंत्रालय ने बुधवार को इस विषय में जानकारी साझा की है। एयर इंडिया की वेबसाइट पर इस योजना के बारे में पूर्ण जानकारी उपलब्ध है। इसके तहत लाभार्थी को भारतीय नागरिकता प्राप्त, भारत में स्थायी रूप से रहने वाले वरिष्ठ नागरिक जो यात्रा की तिथि को 60 साल के हो चुके हों, इकोनॉमी केबिन में चुनी हुई बुकिंग श्रेणी के मूल किराये का 50 प्रतिशत, भारत में किसी भी सेक्टर की यात्रा के लिए, टिकट जारी करने की तिथि से 1 वर्ष तक लागू, 7 दिन पहले टिकट बुक करने पर मान्य। इन नियमों के आधार पर वरिष्ठ नागरिक एयर इंडिया की हवाई यात्रा का लुत्फ उठा सकेंगे। बता दें कि एयर इंडिया की तरफ से इस तरह की योजना पहले भी चलाई जा रही थी। हालांकि अब मंत्रालय की ओर से मान्यता दी गई है। एयर इंडिया को सरकार निजी हाथों में सौंपने की कोशिश कर रही है। कुछ दिन पहले जानकारी सामने आई थी कि टाटा ग्रुप एक बार फिर एयर इंडिया के संचालन की बागडोर संभाल सकता है। टाटा समूह ने एयर एशिया इंडिया द्वारा यह ईओआई दाखिल किया है। एयर एशिया में टाटा समूह की बहुल हिस्सेदारी है। उधर, कोरोना काल में एयर इंडिया में वरिष्ठ नागरिकों को हाफ टिकट पर सफर का ऑफर देकर सरकार ने बड़ी सौगात दी है। यह योजना कितनी सफल होती है, इसका जल्द मालूम पड़ जाएगा। उधर, एयर इंडिया को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास चल रहे हैं।