घोटाला : नगर निगम की लड़ाई सड़क पर आई

दिल्ली में आप के 4 विधायक हिरासत में
अमित शाह के आवास पर प्रदर्शन का प्रयास

नई दिल्ली। नई दिल्ली नगर निगम में करीब ढाई हजार करोड़ के कथित घोटाले पर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) काफी आक्रामक नजर आ रही है। आप के कुछ विधायकों ने रविवार को गृह मंत्री अमित शाह के आवास के बाहर प्रदर्शन का प्रयास किया। ऐसे में पुलिस ने विधायकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आप ने भाजपा और पुलिस के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। नई दिल्ली नगर निगम पर भाजपा का वर्चस्व है। आम आदमी पार्टी (आप) का आरोप है कि नगर निगम में करीब ढाई हजार करोड़ का हिसाब-किताब नहीं दिया जा रहा है। आप प्रवक्ता आतिशी ने कहा कि पिछले साल तक नार्थ एमसीडी के बजट में उन्हें साउथ एमसीडी से ढाई हजार करोड़ रुपए लेने थे, मगर इस साल के बजट में वह जीरो हो गया। उन्हें सवाल पूछा कि आखिर यह रकम किसकी जेब में चली गई है। इसका जबाव नहीं दिया जा रहा है। इस मुद्दे पर आप के कुछ विधायकों ने गृह मंत्री अमित शाह के आवास के बाहर प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। अनुमति न मिलने पर आप के कुछ विधायक रविवार की सुबह अमित शाह के आवास की तरफ चल पड़े। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने आप विधायक राघव चड्ढा, ऋतुराज, कुलदीप कुमार और संजीव झा को हिरासत में ले लिया। आप विधायक सौरभ भारद्वाज का दावा है कि विधायक ऋतुराज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भारद्वाज ने बताया कि ऋतुराज आज सुबह उप-राज्यपाल अनिल बैजल के आवास के लिए रवाना हो रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। उनका आरोप है कि अमित शाह अब किसी को आवाज भी उठाने नहीं दे रहे। विधायक सौरभ भारद्वाज ने कुछ फोटो शेयर विधायक ऋतुराज की गिरफ्तारी का दावा किया। फोटो में ऋतुराज पुलिस की गाड़ी में बैठते दिख रहे हैं।