गाजियाबाद में ट्रैफिक नियमों की सख्त निगरानी शुरू

-बिना हेलमेट, तीन सवारी और नशे में ड्राइविंग पर होगी कड़ी कार्रवाई: जे. रविन्दर गौड़

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने कमर कस ली है। बुधवार को हरसांव पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में उन्होंने यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (अपराध एवं कानून व्यवस्था) आलोक प्रियदर्शी, एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद, एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद और सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद रहे। बैठक में पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बिना हेलमेट बाइक चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी, रेड लाइट जम्प, नो पार्किंग, ऑटो व ई-रिक्शा में ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों पर जुर्माना ही नहीं, बल्कि जरूरत पडऩे पर वाहन जब्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि जून माह में स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों—जैसे बसें और वैन की गहन जांच अभियान चलाया जाए। जिन वाहनों के दस्तावेज और उपकरण मानक के अनुरूप नहीं पाए जाएंगे, उनके चालान कर उन्हें सीज किया जाएगा। इस अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) से समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में बताया गया कि ‘सेव लाइफ फाउंडेशन’ द्वारा वर्ष 2022 से 2025 के बीच हुई दुर्घटनाओं का डाटा एनालिसिस कर यातायात पुलिस को सौंपा गया है। इसके अनुसार चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स और सुधारात्मक सुझावों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एनएचएआई, पीब्ल्यूडी, नगर निगम और जीडीए जैसे विभागों के साथ संयुक्त बैठक कर कार्ययोजना बनाई जाएगी।

सभी विभागों को एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि रेडलाइट, जेब्रा लाइन, डिवाइडर ग्रिल, साइनेज बोर्ड आदि जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को जल्द अमल में लाया जा सके। सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ भी पुलिस की मुहिम तेज है। अब तक बीएनएस की धारा 152 के तहत 422 दुकानदारों, ठेली-पटरी और खोखा संचालकों को नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई के लिए एसीपी ट्रैफिक के न्यायालय में रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस आयुक्त ने इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि गाजियाबाद की यातायात व्यवस्था को अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और ट्रैफिक व्यवस्था को सहयोग दें।