अवैध शराब के धंधेबाजों पर आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप, रात के अंधेरे में निकल रहे तस्कर अब सलाखों के पीछे

-आबकारी विभाग का शिकंजा तेज, एक ही रात में दो शराब तस्कर गिरफ्तार, 60 पव्वा देशी शराब यूपी मार्का बरामद

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान अब सख्ती के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। शराब तस्करों के ठिकानों पर लगातार दबिश और रात के अंधेरे में सक्रिय तस्करों को पकडऩे की रणनीति से विभाग की टीम ने तस्करी पर नकेल कस दी है। शनिवार रात को आबकारी विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से शराब तस्करों को धर दबोचा, जिनके कब्जे से कुल 60 पव्वा कैटरीना ब्रांड देशी शराब (यूपी मार्का) बरामद की गई। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लाइसेंसी दुकानों के नाम पर चल रहे रात्रिकालीन अवैध कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना कासना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात थाना कासना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान अभिषेक चपराना पुत्र वेदप्रकाश को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 30 पव्वा यूपी मार्का देशी शराब बरामद हुई। इसी अभियान की दूसरी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने राजीव पुत्र कन्हैयालाल को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से भी 30 पव्वा कैटरीना ब्रांड यूपी मार्का शराब बरामद की गई। जांच में सामने आया कि दोनों तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब दुकानों से शराब खरीदते थे और जैसे ही दुकानें बंद होती थीं, यह लोग उसी शराब को ब्लैक मार्केटिंग में बेचकर रातों-रात कमाई का धंधा चलाते थे। मगर आबकारी विभाग ने तस्करों की इस चालबाज़ी को पकडऩे के लिए ‘चारा’ डालने की रणनीति अपनाई और उन्हें रंगे हाथों पकडऩे में सफलता पाई। इस अभियान से यह साफ हो गया है कि आबकारी विभाग केवल औपचारिकता निभाने वाला विभाग नहीं रह गया, बल्कि अब उसकी भूमिका जमीनी स्तर पर सक्रिय और परिणाम देने वाली बन चुकी है।

विभाग की रात-दिन की छापेमारी, लगातार क्षेत्रीय निगरानी, और पुलिस के साथ तालमेल ने शराब माफियाओं की कमर तोडऩी शुरू कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि ऐसे किसी भी अवैध कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि जनपद को अवैध शराब मुक्त क्षेत्र बनाया जा सके। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि कहीं भी शराब तस्करी या अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें।