विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में नगर निगम ने दिखाई सक्रियता, 585 वाहन और BLO घर-घर पहुँचाकर कर रहे जागरूक

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों और मतदाताओं से सहयोग की अपील की, अभियान में पार्षद और जोनल प्रभारी भी योगदान दे रहे

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षणके निर्देशानुसार गाजियाबाद में व्यापक अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान में नगर निगम का विशेष योगदान देखने को मिल रहा है। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जन-जन को जागरूक करने में हर संभव सहयोग करें। नगर निगम ने इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए 585 डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों को मतदाताओं की जानकारी और जागरूकता फैलाने के लिए लगाया है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के माध्यम से भी जनता को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम सीमा में आने वाले सभी वार्डों के माननीय पार्षदों द्वारा भी इस कार्य में सक्रिय सहयोग दिया जा रहा है, जो प्रशंसनीय है।

नगर निगम के BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं को सूची में शामिल होने, नाम संशोधन और डुप्लीकेट विवरण दूर करने की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने जंग बहादुर यादव को वरिष्ठ प्रभारी निर्वाचन तथा डॉ. अनुज को प्रभारी निर्वाचन के रूप में मॉनिटरिंग हेतु नामित किया है। सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने और अभियान की गति बनाए रखने में सक्रिय हैं। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग वर्चुअल बैठक के माध्यम से की जा रही है, जिसमें सभी जोनल अधिकारी और निगम अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हैं। इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा रहा है ताकि क्षेत्रीय मतदाता पूरी तरह जागरूक हो सकें।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनता से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और अपने वार्ड में क्चरुह्र और निगम अधिकारियों को सहयोग प्रदान करें। उनका कहना है कि सही और अपडेटेड मतदाता सूची सुनिश्चित करने के लिए जन सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अभियान के अंतर्गत पाँचों जोन में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों, BLO टीम और जोनल प्रभारी की संयुक्त निगरानी से हर मतदाता तक जानकारी पहुँचाई जा रही है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और टीम को प्रेरित करते हुए कहा कि अभियान में कोई कमी या ढिलाई स्वीकार्य नहीं है और सभी को तय समयसीमा में कार्य पूरा करना अनिवार्य है।
इस प्रकार गाजियाबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान न केवल मतदाता सूची को अद्यतन कर रहा है, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहा है। नगर निगम और बीएलओ टीम की सक्रिय भागीदारी से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर मतदाता सूची में शामिल हो और मतदाता जागरूकता का उद्देश्य पूरी तरह से सफल हो।

नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में पूरी सक्रियता और तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता है कि हर मतदाता को सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो, और कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। नगर निगम ने अभियान में 585 डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान तेज़ कर दिया है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे बीएलओ और जोनल प्रभारी की टीम के साथ सहयोग करें और अपने वार्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। यह अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के अधिकार और कर्तव्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य कर रहा है। हमें विश्वास है कि टीमवर्क, समयबद्ध मॉनिटरिंग और जनसहभागिता से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा होगा
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त