अगले सप्ताह से नोएडा एयरपोर्ट को दो एमएलडी पानी की आपूर्ति

-एयरपोर्ट को आठ एमएलडी पानी की जरूरत होगी, शुरुआती दौर में दो और एमएलडी पानी चाहिए
-फलैदा बांगर में तीन नलकूप लगाए गए, आठ किलोमीटर की लाइन बिछाई गई

उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पानी की आपूर्ति करने के लिए आठ किलोमीटर की लंबी लाइन बिछाई गई है। फलैदा बांगर के नलकूप से पानी एयरपोर्ट को पहुंचाया जाएगा। एयरपोर्ट परिसर में बने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में शोधित करके पानी पहुंचाया जाएगा। पाइपलाइन की टेस्टिंग शुरू हो गई है। एक हफ्ते में पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन अप्रैल से शुरू करने की तैयारी है। इससे पहले एयरपोर्ट में सभी जरूरी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एयरपोर्ट को करीब आठ एमएलडी पानी की जरूरत होगी। शुरुआती चरण में एयरपोर्ट को रोजाना दो एमएलडी पानी की जरूरत होगी। इस पानी की आपूर्ति के लिए तैयारी पूरी हो गई है। फलेदा बांगर में तीन नलकूप लगाए गए हैं। इन नलकूपों के जरिए एयरपोर्ट को पानी दिया जाएगा। इसके लिए फलैदा बांगर से एक्सप्रेसवे के किनारे आठ किलोमीटर की लंबी लाइन बिछाई गई है।

यह पाइपलाइन एयरपोर्ट परिसर में बनाए गए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाई गयी है। इस लाइन के जरिए पानी प्लांट में पहुंचेगा। प्लांट में पानी शोधित करके एयरपोर्ट को सप्लाई किया जाएगा। पाइपलाइन की टेस्टिंग का काम शुरू हो गया है। टेस्टिंग में कहीं-कहीं पर लीकेज की समस्या आई है। इस समस्या को दूर किया जा रहा है। एक हफ्ते के भीतर पानी की आपूर्ति शुरू करने की योजना है। एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि पानी आपूर्ति के लिए काम चल रहा है अगले एक हफ्ते के भीतर एयरपोर्ट को पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।