मतदाता पहचान पत्र और नामांकन के लिए ऑनलाइन पोर्टल और वोटर ऐप का करें उपयोग: रविन्द्र कुमार मांदड़

-मतदाता सूची सुधार अभियान: डीएम ने ऑनलाइन आवेदन से पहचान पत्र प्रक्रिया सरल बनाने का किया आग्रह
-जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के साथ बैठक में फॉर्म-6, एएसडी सूची और ड्राफ्ट रोल में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से दी जानकारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में चल रहे मतदाता विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने मान्यता प्राप्त सभी प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाताओं को ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से अपने पहचान पत्र और मतदाता विवरण अपडेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने पहचान पत्र के लिए ऑनलाइन पोर्टल या वोटर पोर्टल ऐप का उपयोग कर सकते हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और त्वरित होगी।
जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों को बताया कि मंगलवार तक जनपद में कुल 63.53 प्रतिशत मतदाताओं के प्राप्त गणना फॉर्म को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा डिजिटाईज्ड किया जा चुका है और कुल 98.88 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2003 से अब तक 69.33 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र नहीं भरा है, उनके लिए अंतिम तिथि 26 दिसंबर निर्धारित की गई है।

बीएलओ द्वारा अनुपस्थित, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित तैयार की गई एएसडी मतदाताओं की सूची अब जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी ओर से सूची की समीक्षा करें और किसी योग्य मतदाता का नाम गलती से सूची में शामिल या बाहर होने की स्थिति में संबंधित ईआरओ को सूचित करें। ईआरओ 26 दिसंबर से पहले ऐसे मतदाताओं के गणना फॉर्म डिजिटाईज्ड कर ड्राफ्ट रोल में उनका नाम 31 दिसंबर तक शामिल कर देंगे।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिन लोगों के पास वर्ष 2025 की मतदाता सूची में नाम न होने के कारण गणना फॉर्म नहीं पहुंचे हैं, वे फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर जन्म और पते के संबंध में आवश्यक दस्तावेजों की प्रति बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

18 वर्ष से अधिक आयु के युवा मतदाता जिनके नाम सूची में नहीं हैं, वे भी फॉर्म-6 और घोषणा पत्र के साथ अपना आवेदन कर सकते हैं। बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फॉर्म उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे ऐसे अर्ह व्यक्तियों को चिन्हित करें और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी), समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन पोर्टल और वोटर पोर्टल ऐप के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा से मतदाता सूची को और अधिक सटीक और त्वरित रूप से अपडेट किया जा सकेगा, जिससे मतदाताओं को मतदान में अपनी भूमिका निभाने में आसानी होगी।