बुलंदशहर जिला पंचायत में होंगे आनलाइन कार्य, एक क्लीक पर मिलेगी सभी जानकारी

बुलंदशहर। जिला पंचायत बुलंदशहर भी अब प्रदेश के बाराबंकी जनपद की तर्ज पर आनलाइन हो गया है। विवरण आनलाइन होने के चलते ग्रामीणों को अब सभी जानकारी घर बैठे एक क्लीक पर मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। नक्शा पास, जिला पंचायत के कर जमा करने, दुकानों का विवरण आदि सभी महज एक क्लिक पर सामने दिखाई देगा। वर्तमान समय में संपत्ति व विभव टैक्स और हैसियत कर जिला पंचायत द्वारा दायरे में आने वाले लोगों से लिया जा रहा है। जिला पंचायत द्वारा विभिन्न मदों से प्राप्त धन से ग्रामीण इलाकों में विकास कराया जाता है। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है संपत्ति व विभव टैक्स और हैसियत कर। ग्रामीण क्षेत्र में जानकारी न होने के कारण अधिकांशत लोग कर जमा नहीं करते हैं। कर वसूली नहीं होने के कारण कर्मचारियों के वेतन तक के लिए राज्य वित्त से मिलने वाले धन की मदद लेनी पड़ती है। अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने जिला पंचायत की आमदनी बढ़ाने के लिए लोगों को कर जमा करने के लिए प्रेरित करने की मुहिम आरंभ की है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को कर के दायरे में लाया जाएगा।

ऑनलाइन होने से क्षेत्र के लोगों को भी काफी सहूलियत मिलेगी। अपना कर जमा करने या फिर अन्य जानकारी के लिए अब लोगों जिला पंचायत के चक्कर नहीं काटने पड़ेगे। घर बैठे मोबाइल पर एक क्लीक से सभी जानकारी मोबाइल की स्क्रीन पर होगी, साथ ही घर बैठे अब अपना कर भी जमा कर सकेंगे। गौरतलब हो कि जिला पंचायत क्षेत्र में जहां विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ रही है तो वहीं आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी अपर मुख्य अधिकारी लगातार कार्रवाई का दायरा बढ़ा रहे है। जिससे आने वाले दिनों में जिला पंचायत संबंधित कार्यों के लिए अब जिला पंचायत कार्यालय के लिए लोगों को नहीं भटकना पड़ेगा। लोगों की सहूलियत के हिसाब से ही यह कार्य किया गया है। बता दें कि अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदेश की पहली जिला पंचायत को अंतरराष्ट्रीय मानकीयकरण का आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। इसके अलावा उत्कृष्ठ कार्य के लिए उन्हें पंचायती राज समिति प्रशस्ति पत्र भी दें चुकी है। जिला पंचायत में विकास कार्यों को बढ़ाने के साथ ही जनहित कार्यों में भी अग्रणी है।

धर्मजीत त्रिपाठी
अपर मुख्य अधिकारी, बुंलदशहर।

जिला पंचायत का सभी काम अब ऑनलाइन होगा। विवरण ऑनलाइन करना शुरु कर दिया गया है। आनलाइन विवरण होने से जहां समय की बचत होगी वहीं लोगों को आसानी से जानकारी मिल सकेगी। जानकारी के अभाव में लोगों द्वारा कर जमा नहीं किया जाता है। सर्वे कराकर विवरण को आनलाइन किया जा रहा है। आनलाइन विवरण होने से लोगों को जिला पंचायत संबंधी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जिला पंचायत क्षेत्र में आने वाले दुकान वार्षिक कर को ससमय जमा करें।
धर्मजीत त्रिपाठी
अपर मुख्य अधिकारी, बुलंदशहर।