-गाजियाबाद में भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह, 1500 नागरिकों के साथ किया सामूहिक योग
– पीएम मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बना आकर्षण का केंद्र
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और सिविल डिफेंस के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने योग को भारत की आत्मा और विश्व को दिया गया एक अनुपम उपहार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक मंच पर पहचान मिली है और आज पूरा विश्व भारत के इस प्राचीन विज्ञान को अपनाकर मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बन रहा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने हजारों की संख्या में एकत्रित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया और ‘योग अपनाएं, पौधा लगाएं’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल कसरत नहीं, बल्कि जीवन की एक सम्पूर्ण प्रणाली है जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन से राष्ट्र को सशक्त बनाती है।
उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में योग को आत्मसात करे ताकि एक स्वस्थ और समर्थ भारत का निर्माण हो सके। इस आयोजन के दौरान विशाखापट्टनम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित हजारों प्रतिभागियों ने बड़े स्क्रीन पर देखा और प्रेरणा प्राप्त की। उन्होंने कहा योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि आत्मबल, मानसिक स्थिरता और जीवनदर्शन का समग्र मार्ग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से आज योग पूरी दुनिया को दिशा दिखा रहा है। ‘योग अपनाएं, पौधा लगाएं’ का संकल्प लेकर हम प्रकृति और जीवन के बीच संतुलन बना सकते हैं। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हम आत्मनिर्भर, आत्मविजयी और राष्ट्रहितकारी जीवन जी सकते हैं।
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है जिसे अब पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा ऐसे आयोजनों से जन-जन तक स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश पहुंचता है और प्रशासनिक सहयोग से यह अभियान और व्यापक बनता है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि उपमुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष बना दिया है। उन्होंने योग के प्रति नागरिकों की जागरूकता को समाज के स्वास्थ्य और संस्कृति के लिए शुभ संकेत बताया। गाजियाबाद शहर ने आज जो एकजुटता और अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। शहर के सभी प्रमुख पार्कों में भी योग कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें पार्षदों, सफाई मित्रों, माली एवं नागरिकों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। यह जनचेतना का पर्व बन चुका है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम ने योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। हमारे लिए यह केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि निरंतर चलने वाला जनजागरूकता अभियान है। नगर निगम नियमित योग करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास करता रहेगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जि़ंदगी में योग शांति और संतुलन का सर्वोत्तम साधन है। इसे अपने जीवन में आत्मसात करने से ही हम संपूर्ण स्वास्थ्य की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
योग प्रशिक्षण का नेतृत्व विख्यात योग गुरु डॉ. यश पाराशर ने किया, जिन्होंने विविध योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों से सभी को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक जागरूकता की ओर एक मार्ग है। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सिविल डिफेंस कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विद्यार्थियों सहित लगभग 1500 लोगों ने भाग लिया। शहर के विभिन्न पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी नगर निगम द्वारा व्यापक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पार्षदों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन जनभागीदारी और जागरूकता के नए आयाम स्थापित करते हुए हुआ, जिसमें गाजियाबाद ने योग के राष्ट्रीय आंदोलन में एक सशक्त भूमिका निभाई। आयोजन का कुशल संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।
इस मौके पर स्थानीय सांसद अतुल गर्ग, सदर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, भाजपा प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, आईएमएस चेयरमैन राकेश रिछारिया, शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, एडीएम रणविजय सिंह, एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, चीफ इंजीनियर निर्माण एन.के. चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, आयुर्वेदिक अधिकारी अशोक राणा, सिविल डिफेंस प्रमुख ललित जायसवाल, अनिल अग्रवाल सहित हजारों लोग। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने कुशलता से किया।
‘योग अपनाएं, पौधा लगाएंÓ का नया मंत्र
कार्यक्रम के समापन पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योग अपनाएं, पौधा लगाएं का संदेश देते हुए नागरिकों को आह्वान किया कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण दोनों आवश्यक हैं तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
सामूहिक एकता और जागरूकता का परिचायक बना गाजियाबाद
गाजियाबाद नगर निगम के सभी पार्कों में हुए योग शिविरों में पार्षदों, अधिकारियों और सफाई मित्रों ने भी भाग लिया। यह आयोजन एकजुटता, सहभागिता और सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिशा में शहर की नई पहचान बनकर उभरा।
योगगुरु डॉ. यश पाराशर का ऊर्जावान नेतृत्व
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षण की बागडोर संभाली राष्ट्रीय योग भारती के अध्यक्ष और विख्यात योगाचार्य डॉ. यश पाराशर ने, जिन्होंने हजारों लोगों को एकसाथ योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग जीवन की सरलता, सादगी और संतुलन है। इसे आत्मसात कर जीवन को पूर्ण रूप से रूपांतरित किया जा सकता है।





















