गाजियाबाद में 21 जून को होगा योग का महाकुंभ

-प्रशासन ने कस ली कमर, हर गली-मोहल्ले में गूंजेगा ‘योग करिए निरोग रहिए’ का मंत्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। देशभर में योग के महापर्व की तैयारी जोरों पर है, और गाजियाबाद भी इस बार अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को एक नई ऊंचाई देने जा रहा है। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें प्रशासन से लेकर सामाजिक संस्थाओं तक सभी प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्र हुए। जिलाधिकारी ने इस दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि योग दिवस को केवल एक दिवस न मानते हुए इसे एक जनआंदोलन की शक्ल दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी कार्ययोजनाएं तैयार करें और यह सुनिश्चित करें कि जनपद का हर कोना योगमय वातावरण से भर जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि 15 जून से योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके तहत प्रतिदिन विभिन्न स्थलों पर योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह सप्ताहिक यात्रा 21 जून को एक भव्य और प्रेरणादायक आयोजन के साथ सम्पन्न होगी, जो जनमानस को योग के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य का संदेश देगा। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि योग न केवल एक व्यायाम है, बल्कि भारतीय संस्कृति की वह शक्ति है जिसने विश्व को आध्यात्मिक मार्ग दिखाया है। आज भारत के साथ-साथ दुनिया के सैकड़ों देशों में योग अपनाया जा रहा है। ऐसे में गाजियाबाद को भी इसकी गरिमा के अनुरूप आयोजन करना होगा।

इस महत्त्वपूर्ण बैठक में जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ पतंजलि योग संस्थान, आयुष विभाग, सिविल डिफेंस, विभिन्न सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने सुझाव साझा किए और आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक राणा, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. पंकज त्यागी, आयुष विभाग से डॉ. जोगेन्द्र सिंह, डॉ. निशंक कुमार, डॉ. कुलदीप राज सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव और अपर जिलाधिकारी नगर ने भी आयोजन की रणनीति और लॉजिस्टिक्स पर आवश्यक जानकारी साझा की।