गाजियाबाद। कांग्रेस पार्षद मनोज चौधरी ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भ्रष्टाचार के विरोध में वह धरना देकर बैठ गए हैं। वार्ड नंबर-53 से पार्षद मनोज चौधरी ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
संजय नगर एम ब्लॉक पार्क में में उन्होंने बेमियादी धरना आरंभ किया है। साथ में विनोद चौधरी, लीलाधर मिश्रा, राजेंद्र कुमार, गुरुवचन सूबेदार, संजय सिंह खुटैल, रामवीर सिंह, मधु तिवारी, बीके शर्मा, रमेश कौशिक, राजेंद्र पंडित, सोमवीर चौधरी, सुनील चौधरी, अरमेंद्र राय, राजेंद्र मोहन सिंह, रमेश लाला, राजेंद्र पंडित, देवी सिंह आदि मौजूद रहे। मनोज चौधरी का कहना है कि वर्ष-2008 में उप्र सरकार द्वारा विज्ञापन पॉलिसी तैयार की गई थी। इस पॉलिसी को दरकिनार कर नगर निगम ने एक विशेष कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए 15 साल के लिए होर्डिंग का ठेका दे दिया।
महापौर आशा शर्मा की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने पर सदन की बैठक में सहमति हुई थी। इसके बावजूद आज तक कमेटी का गठन नहीं किया गया है। उन्होंने सुझाव दिया था कि कंपनियों को लाभ देने की बजाए नगर निगम चुनाव में विज्ञापन खुद लगाए। इससे विभाग की आय भी कई गुना बढ़ सकती है। कंपनी 2 जगह काम कर रही है। कंपनी का रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं है। आगरा और देहरादून में कंपनी पर केस चल रहे हैं। पार्षद का कहना है कि संजय नगर एम ब्लॉक में नालों को खुला छोड़ दिया गया। नाला करीब आठ फीट गहरा है। वहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
















