गाजियाबाद। व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने दुकानों का समय बढ़ाने के लिए शनिवार और रविवार का लॉकडाउन हटाने तथा समस्त बाजार को खोलने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है। पत्र में संयोजक प्रदीप गुप्ता ने कहा है कि कोरोना महामारी का प्रकोप काफी कम हो गया है। इसके मद्देनजर दिल्ली को पूरी तरह खोल दिया गया है। शनिवार और रविवार का लॉक डाउन हटा दिया गया है तथा बाजार खुलने और बंद करने के समय में परिवर्तन किया गया है। व्यापार में आज मंदी का दौर चल रहा है। व्यापारी हताश हो चुका है। उस पर गाजियाबाद के बाजारों का पूरे समय ना खोला जाना दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं चिंताजनक है। शायद हम लोगों को काफी समय तक इसी के साथ रहने और काम करने की आदत डालनी पड़ेगी। अलबत्ता यहां के (गाजियाबाद) के समस्त बाजारों (मॉल, सिनेमाघर, रेस्टोरेंट आदि को भी) अब पूरी तरह रात 9 बजे तक खोला जाए तथा इसके साथ ही शनिवार और रविवार का लॉकडाउन हटाया जाए। आज मध्यमवर्गीय व्यापारी का लगभग दिवाला सा निकला हुआ है। अपने स्टाफ को लॉकडाउन पीरियड का वेतन देना पड़ रहा है। बिजली-पानी के बिल तथा सरकारी टैक्स भी तथा दुकान और मकान का किराया, बैंकों की किस्त, कहीं भी किसी प्रकार की कोई रियायत नहीं है, इसलिए समस्त कार्यों को खोला जाना अब जरूरी हो गया है।















