नशे का प्रभाव परिवार और समाज के लिए हानिकारक : फैसल आलम

नशे के खिलाफ चलाया नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान

गाजियाबाद। नशीले पदार्थों का प्रयोग न केवल एक व्यक्ति बल्कि परिवार, समाज और देश के लिए हानिकारक है। नशा एक अभिशाप है। यह एक ऐसी बुराई है, जिससे इंसान का अनमोल जीवन समय से पहले ही मौत का शिकार हो जाता है। नशे के लिए समाज में शराब, गांजा, भांग, अफीम, जर्दा, गुटखा, तंबाकू व धूमपान, चरस, स्मैक, ब्राउन शूगर जैसे घातक मादक दवाओं व पदार्थो का उपयोग किया जा रहा है। इन पदार्थो के सेवन से व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक व आर्थिक हानि पहुंचने के साथ सामाजिक वातावरण भी प्रदूषित होता है।

नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध व्यापार के खिलाफ लोगों को जागरुक करने की आवश्यकता है। यह बातें शनिवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा चलाये जा रहे नशामुक्त भारत अभियान के तहत भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा भोजपुर ब्लॉक में महिलाओं को नशामुक्त भारत अभियान और स्वच्छ भारत मिशन से जोडऩे के लिए चलाये जा रहे हस्ताक्षर अभियान में लोगों को नशे के प्रति जागरूक करते हुए खण्ड विकास अधिकारी फैसल आलम ने कहीं। उन्होने कहा बिना सोचे, समझे किसी चीज को ग्रहण नहीं करना चाहिए।

यदि हम सोच समझ कर अपने विवेक से काम करेंगे तो नशे की लत से दूर रहेंगे। किसी एक व्यक्ति की नशे की लत से परिवार और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है इसलिए किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना ही इसका सर्वोत्तम इलाज है। कुछ बीमारियों का इलाज ही बचाव है, जबकि कुछ बीमारियों से बचाव ही उनका इलाज है। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए ब्लॉक परिसर में नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। नशा मुक्त हो अपना देश, ज्ञान हमें फैलाना है, नशे को दूर भगाना है, दिल पे नशा ये भारी है, सबसे बड़ी बीमारी है आदि संदेश लोगों को दिए गये। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को लीफलेट वितरण किया गया। इस दौरान भोजपुर ब्लॉक प्रमुख कृष्णवीर चौधरी ने भी नशे के खिलाफ लोगों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के रूप रेखा जे एन राय, कौशल कुमार एवं पंकज यादव द्वारा तैयार की गई। भागीरथ सेवा संस्थान की ओर से नुक्कड़ नाटिका का सफल मंचन अदिति एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन अविनाश गुप्ता ने किया। महिला समूहों को प्रतीकात्मक चाबी ब्लाॉक प्रमुख कृष्ण वीर चौधरी द्वारा भेंट की गई। कार्यक्रम में प्रमुख खंड विकास अधिकारी एवं योजना प्रभारी जे एन राय, खुशबू कौशिक कॉउंसलर नशा मुक्त भारत अभियान गाजियाबाद द्वारा अपने विचार साझा किए गए। अविनाश गुप्ता द्वारा सफल महिलाओं की सफलता की कहानियां बता कर समूह को उत्साहित किया।