शहर में कम्युनिटी किचन की शुरूआत करेगा नगर निगम

 

-डीएम के निर्देश पर नगर आयुक्त ने बनाई रणनीति
-गांवों में ग्रामीणों के कराए जाएंगे एंटीजन टेस्ट

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने एवं संक्रमित व्यक्तियों को इलाज संभव कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय द्वारा मंगलवार को ऑनलाइन बैठक की गई। इस दौरान प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को एक्शन प्लान बनाकर विशेष कर ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी उप-जिलाधिकारी व तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से वैक्सीनेशन केंद्र का स्थल निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएंगे। किसी भी केंद्र पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा भीड़ एकत्र ना हो। आगंतुकों के लिए प्रशिक्षण केंद्र पर सभी पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने एवं संक्रमित व्यक्तियों को चिन्हित कर उनका एंटीजन टेस्ट कराकर मेडिकल किट उपलब्ध कराने के लिए सभी निगरानी समितियों को तत्काल एक्टिव कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य में सभी राशन विक्रेताओं एवं बीएलओ का भी सहयोग प्राप्त कर विशेष अभियान संचालित किया जाए और गांव-गांव में सर्वे का कार्य पूर्ण कर लक्षण युक्त नागरिकों का एंटीजन टेस्ट कराकर उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराने की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीएम ने कहा कि सभी राशन की दुकानों पर राशन कार्ड धारकों को सरकार की मंशा के अनुरूप निशुल्क राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि कोरोना के इलाज के दौरान अस्पतालों में तीमारदारों को भी भोजन उपलब्ध हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा कम्युनिटी किचन शुभारंभ कर सभी को भोजन उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। नगरायुक्त ने बताया कि कल से कम्युनिटी किचन का कार्य प्रारंभ हो जाएगा और 1000 पैकेट जिला प्रशासन की ओर से वितरण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने इसी प्रकार अन्य नगर क्षेत्रों में भी कम्युनिटी किचन आरंभ करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि कोरोना को लेकर जनपद में अभियान चलाकर सैनेटाइजेशन, फॉगिंग एवं अन्य जो कार्य किए जा रहे हैं, संबंधित कार्यों के संबंध में जनप्रतिनिधियों को सूचना संबंधित अधिकारियों द्वारा निरंतर रूप से उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने जीएम डीआईसी को निर्देश दिए कि बड़ी इकाइयों में प्राइमरी कोविड सेंटर की स्थापना सुनिश्चित कराई जाए। डीएम ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन में कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन सख्ती के साथ सुनिश्चित कराया जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप जनपद में 9 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होंगे। इस संबंध में निरंतर स्तर पर प्रगति कराना संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाए। ऑनलाइन बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।