-जनपद में आबकारी विभाग की मुहिम तेज
गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग निरंतर प्रयासरत है। इस क्रम में अब प्रशिक्षु आबकारी निरीक्षकों को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षित कर इन निरीक्षकों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद के निर्देशन में आबकारी विभाग की विभिन्न संयुक्त टीमों द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के बेहतर नतीजे भी सामने आ रहे हैं। शराब माफिया से निपटने और विभाग को ज्यादा चुस्त-दुरूस्त बनाने के लिए नए-नए कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रमाशंकर सिंह आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2, टी .एस ह्यांकी आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2,अरुण कुमार आबकारी निरीक्षक सेक्टर-6 टीम द्वारा प्रशिक्षु आबकारी निरीक्षकों को जनपद स्थित एफएल-49 वारडेक्स फार्मसी, माइक्रो ब्रेवरी, एफएल-6 एवं एफएल-7 के विषय मे प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा संयुक्त टीम द्वारा प्रशिक्षु आबकारी निरीक्षकों के साथ जनपद में संचालित मॉडल शॉप, देशी शराब, विदेशी मदिरा व बियर की फुटकर दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान कोई गंभीर अनियमितता प्रकाश में नहीं आई।
आबकारी की द्वितीय टीम द्वारा डासना चेक पोस्ट पर अखिलेश वर्मा आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 आशीष पाण्डेय, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य आबकारी निरीक्षक सेक्टर-5 की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। अभी तक वहां चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध मदिरा की बरामदगी नहीं हुई है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि अवैध मदिरा के विरूद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी प्लानिंग के साथ काम कर रहा है, जिससे सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। आबकारी निरीक्षकों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में मिलावटी व अवैध शराब की बिक्री न हो। शराब के निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बिक्री होने की दशा में भी खैर नहीं होगी।
दूसरे जिलों से सटे सीमावर्ती इलाकों में चिन्हित दुकानों की जांच करने, अवैध शराब से जुड़े लोगों पकड़ऩे और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षु आबकारी निरीक्षक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, अलग-अलग विषय के नोट्स तैयार करें, जिससे ड्यूटी के दौरान इनका उपयोग किया जा सकें। यहां जो सीखने को मिलेगा वह आप लोगों की जीवन की कुंजी होगी।














