टैक्स वसूली की ट्रिपल सेंचूरी लगा चुके नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक 400+ नॉट आउट की पारी के लिए तैयार 30 दिन में 95 करोड़ की वसूली का टारगेट सेट

शनिवार को नगर निगम मुख्यायल में टैक्स एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने टैक्स वसूली बढ़ाने का मंत्र दिया। निगम की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्य योजना में प्राथमिकता में रहा है। कभी कर्ज और देनदारियों के बो­झ तले दबा गाजियाबाद नगर निगम आर्थिक संकट से उबर चुका है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही हरियाली बढ़ाते हुए क्लीन और ग्रीन गाजियाबाद बनाने की दिशा में सार्थक पहल हुई है। नगर आयुक्त का चार्ज संभाले विक्रमादित्य सिंह मलिक को अभी डेढ़ वर्ष ही हुए हैं, लेकिन इनके कार्यकाल में नगर निगम ने कई उपलब्धियां हासिल की है। पिछले वर्ष टैक्स वसूली की ट्रिपल सेंचूरी लगा चके मलिक इस वर्ष 400 प्लस नॉट आउट की पारी के लिए तैयार हैं।

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
गाजियाबाद। शहर में विकास की रफ्तार को बढ़ाने के साथ ही नगर निगम को स्वाबलंबी बनाने में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बड़ा योगदान दिया है। निगम की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्य योजना में प्राथमिकता में रहा है। कभी कर्ज और देनदारियों के बो­झ तले दबा नगर निगम आर्थिक संकट से उबर चुका है। कई ऐसी बड़ी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम चल रहा है जो गाजियाबाद शहर के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही हरियाली बढ़ाते हुए क्लीन और ग्रीन गाजियाबाद बनाने की दिशा में सार्थक पहल हुई है और इसके परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं। विकास की रफ्तार में कोई रुकावट ना आये इसके लिए जरूरी है कि नगर निगम का खजाना भरा हुआ रहे और आय के स्त्रोत में बढ़ोत्तरी हो। नगर आयुक्त का चार्ज संभाले विक्रमादित्य सिंह मलिक को अभी डेढ़ वर्ष ही हुए हैं, लेकिन इनके कार्यकाल में नगर निगम ने कई उपलब्धियां हासिल की है। पिछले वर्ष टैक्स वसूली की ट्रिपल सेंचूरी लगा चके मलिक इस वर्ष 400 प्लस नॉट आउट की पारी के लिए तैयार हैं।

शनिवार को नगर निगम मुख्यायल में टैक्स एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक में कमजोर कड़ी की पहचान करते हुए नगर आयुक्त ने उसे दुरूस्त करने को लेकर सख्त हिदायत दी। अगले एक महीने में 95 करोड़ रुपये की टैक्स वसूली का टॉरगेट सेट करने के साथ ही टैक्स वसूली बढ़ाने का तरीका भी समझाया। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा सहित सभी जोन के जोनल प्रभारी, टैक्स सुपरीटेंडेंट एवं टैक्स इंस्पेक्टर मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने हाउस टैक्स की वसूली को लेकर अधिकारियों से साप्ताहिक कार्य योजना मांगी। उन्होंने हाउस टैक्स वसूली बेहतर करने पर कवि नगर जोन की सरहाना की। जबकि सिटी जोन टैक्स अधीक्षक को कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। नगर आयुक्त ने हाउस टैक्स वसूली को लेकर टैक्स विभाग के सभी संबंधित टीम व अधिकारियों के परफॉरमेंस पर चर्चा की। इसके साथ ही कॉमर्शियल, औद्योगिक व गु्रप हाउसिंग सोसायटी से हाउस टैक्स की वसूली को लेकर लक्ष्य निर्धारित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि अगले 30 दिन में 95 करोड़ रुपए हाउस टैक्स की वसूली करने का लक्ष्य है, जिसे हर हाल में पूरा करना होगा। नगर आयुक्त ने प्रत्येक वार्ड में हुई वसूली की जानकारी ली। टैक्स अधीक्षक तथा राजस्व निरीक्षक से टारगेट के क्रम में जानकारी ली गई। इसके साथ ही छुट्टी पर चल रहे स्टॉफ को सख्त हिदायत देते हुए 31 मार्च से पूर्व बिना किसी छुट्टी के काम करने के लिए कहा गया। सिटी जोन के टैक्स अधीक्षक संजय द्वारा जानकारी न देने पर उनके खिलाफ शासन को प्रतिकूल प्रविष्टि के लिए पत्र जारी करने के लिए टीम को निर्देश दिए। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि 30 दिन में सभी जोनल प्रभारी को 95 करोड़ रुपए हाउस टैक्स की वसूली करनी है। अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाए जा रहे हैं।


गाजियाबाद नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स वसूली को लेकर रफ्तार से कार्य किया जा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा अच्छे काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। वसुंधरा जोन को 53 करोड़ रुपये की टैक्स वसूली का टारगेट दिया गया है, कवि नगर जोन को 8 करोड़ , विजयनगर जोन को 2 करोड़, सिटी जोन 21 करोड़ और मोहन नगर जोन को 11 करोड़ रुपए अगले 30 दिनों में वसूलने होंगे। नगर आयुक्त ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को टैक्स वसूली के कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा अवकाश के दिनों में हाउस टैक्स वसूली को लेकर कैंप लगाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा 1 मार्च से 31 मार्च के बीच 95 करोड़ रुपए की टैक्स वसूली की जाएगी।