ड्रॉ की तैयारी पूरी, 20 हजार आवेदकों की धड़कनें तेज
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने आवासीय योजना के भूखंडों का ड्रॉ निकालने की तैयारी पूर्ण कर ली है। ड्रॉ प्रक्रिया बुधवार को आयोजित की जाएगी। इसके साथ आवेदकों का इंतजार भी समाप्त हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण ने मार्च-2021 में यह योजना लॉन्च की थी। इसके तहत 440 भूखंडों का आवंटन किया जाना है। इसके लिए बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। आवेदकों को ड्रॉ प्रक्रिया का बेसब्री से इंतजार है। इन भूखंडों का ड्रॉ बुधवार को किया जाएगा। ड्रॉ के उपरांत सभी सफल 440 आवेदकों को अगले 30 दिन के भीतर पूरी राशि का भुगतान यमुना प्राधिकरण को करना होगा। ड्रॉ संबंधी तैयारियों को अंजाम दे दिया गया है। 440 आवासीय भूखंडों की इस योजना में 60 वर्ग मीटर, 90, 120, 200, 300, 500, 1000, 2000 और 4000 वर्ग मीटर के भूखंड रखे गए हैं। आवासीय योजना में इच्छुक नागरिकों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों प्रकार से आवेदन किया था। यमुना प्राधिकरण को ऑनलाइन और ऑफलाइन 20 हजार से अधिक आवेदन मिले हैं। यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक आवासीय योजना में मार्च के प्रथम सप्ताह में कुल 440 भूखंड लॉन्च किए थे। इनमें 345 भूखंड सामान्य श्रेणी के हैं। जबकि 76 भूखंड कृषकों के लिए आरक्षित हैं। सबसे छोटे आकार यानी 60 मीटर के भूखंड की कीमत 10 लाख रुपए निर्धारित की गई है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मद्देनजर यमुना प्राधिकरण की इस योजना में नागरिकों ने काफी दिलचस्पी दिखाई है।















