नोएडा में स्वच्छता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित

सीईओ ने ट्रॉली और हाथ ठेली का वितरण किया

नोएडा। इंदिरा गांधी कला केंद्र में मंगलवार को स्वच्छता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने मैसर्स एचसीएल फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए 74 नग ट्रॉली सेक्टरों एवं ग्रामों की सफाई में प्रयोग के लिए स्वच्छता कर्मियों को उपलब्ध कराए। इसके अलावा जन-स्वास्थ्य विभाग को सेक्टर एवं ग्रामीणों की सड़कों की सफाई के पश्चात कूड़ा उठाने के लिए 200 नग व्हील बैरो उपलब्ध कराए गए। नोएडा में लगभग 1500 स्थानों जैसे-शौचालय के बाहर, कॉमर्शियल मार्केट, बस स्टैंड, पब्लिक प्लेस एवं पार्कों पर हरे, नीले एवं लाल डस्टबिन लगाए गए थे। पूर्व में लगाए गए क्षतिग्रस्त डस्टबिन को बदल कर नए लगाने हेतु एक हजार नए डस्टबिंस जन-स्वास्थ्य एवं उद्यान विभाग को उपलब्ध कराए गए। नोएडा सेक्टर-55 एवं 56 के मार्केट को पूर्व रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने में ट्री फाउंडेशन के साथ-साथ 5 बच्चों ने अथक प्रयास कर जागरूकता द्वारा इस मार्केट को प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में सीईओ रितु माहेश्वरी ने इन बच्चों हिमांशु, सचिन, सुधांशु, निखिल एवं विशाल को प्लास्टिक मुक्त नोएडा का स्वच्छता दूत बनाकर प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल प्रदान की। कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण मिश्र, विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह, डॉ. अविनाश त्रिपाठी, वरिष्ठ परियोजना अभियंता (जन-स्वास्थ्य) एस.सी. मिश्रा, परियोजना अभियंता (जन-स्वास्थ्य) प्रथम विजय रावल, परियोजना अभियंता (जन-स्वास्थ्य) द्वितीय आर.के. शर्मा तथा मैसर्स एचसीएल फाउंडेशन के निदेशक आलोक वर्मा आदि मौजूद रहे।