आज की महापंचायत में किसान करेंगे आरपार की लड़ाई का ऐलान

उदय भूमि ब्यूरो
मोदीनगर।
समान मुआवजा की मांग को लेकर सोमवार को तहसील परिसर में किसानों का धरना आठवे दिन भी जा रहा। किसानों ने महापंचायत में तहसील का काम पूरी तरह से ठप रखने का एलान किया है। सोमवार को पांच महिला क्रमिक अनशन पर बैठी। बता दें कि समान मुआवजा व सर्विस लेन सहित अन्य मांगों को लेकर किसान तहसील परिसर में अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे हैं। सोमवार को किसानों के धरने का आठवां दिन था। पांच महिलाएं राजबाला ,सावित्री व मूर्ति देवी क्रमिक अनशन पर बैठी। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर व रणवीर दहिया ने बताया कि मंगलवार यानि कल धरनास्थल पर ही महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्राली से तहसील पहुंचेगे। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन व बैनामा लेखक संघ ने भी महापंचायत के दिन तहसील का कामकाज ठप करने की चेतावनी दे रखी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को तहसील का कामकाज पूरी तरह ठप रखा जाएगा। साथ ही आरपार की लड़ाई का एलान किया जाएगा। सोमवार को रालोद ,सपा, कांग्रेस व आप नेताओं ने धरनास्थल पर जाकर अपना समर्थन दिया। इस मौके पर सतेन्द्र तोमर ,हाजी अल्ताफ ,दलवीर सिंह ,पप्पन शर्मा ,सुनील शर्मा सहित सैकड़ों किसान मौजूद थे।