-सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो कनेक्टिविटी का सपना अब हकीकत के करीब
-जून में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के समक्ष होगा अहम प्रेजेंटेशन, मंजूरी की उम्मीद तेज
-तेजी से बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव के बीच लाखों यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सेक्टर-51 नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक प्रस्तावित एक्वा लाइन विस्तार परियोजना की नई डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जून के पहले सप्ताह में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सामने प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इसके बाद परियोजना की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
हाल ही में इस मेट्रो विस्तार परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार ने पुरानी डीपीआर के आधार पर इसे आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया था। केंद्र ने परियोजना की नई परिस्थितियों और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए संशोधित डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अब नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और संबंधित एजेंसियां नई डीपीआर तैयार करने में जुट गई हैं। जानकारी के मुताबिक 5 या 6 जून को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय में इस परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। इस दौरान परियोजना की लागत, रूट, संभावित यात्रियों की संख्या और तकनीकी पहलुओं पर चर्चा होगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि मंत्रालय से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद डीपीआर को अंतिम रूप देकर जल्द शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। नोएडा अथॉरिटी में ओएसडी क्रांति शेखर ने बताया कि नई डीपीआर को तेजी से तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह मेट्रो विस्तार परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे लाखों लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा दिल्ली के बीच आवागमन आसान होगा। इसके अलावा, बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार परियोजनाओं के लिए भी हाल ही में टेंडर जारी किए गए हैं। इससे क्षेत्र में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को और गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी
नोएडा प्राधिकरण
नोएडा की यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मेट्रो विस्तार को प्राथमिकता पर रखा गया है। इसके लिए कार्य योजना बनाई गई है। उसके अनुरूप काम चल रहा है।
कृष्णा करुणेश, सीईओ नोएडा प्राधिकरण

















