चुनाव : भाजपा ने 4 प्रत्याशियों का किया ऐलान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद इलेक्शन की तैयारियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 4 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व आईएएस अरविंद शर्मा और काशी क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य को चुनाव मैदान में उतारा है। अरविंद शर्मा ने ठीक एक दिन पहले भाजपा ज्वाइन की थी। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी हैं। उप्र में विधान परिषद की 12 सीटों के लिए 28 जनवरी को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 18 जनवरी निर्धारित है। विधान परिषद की 12 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। 2 सीट के लिए सपा-बसपा के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। विधान परिषद चुनाव के चलते भाजपा ने शुक्रवार को 4 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। इनमें डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व आईएएस अरविंद शर्मा और काशी क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य शामिल हैं। भाजपा की तरफ से जल्द 6 और प्रत्याशियों की घोषणा की जानी है। विधान परिषद के उम्मीदवार बनाए गए अरविंद शर्मा ने गुरुवार को भाजपा का दामन थामा था। गुजरात कैडर के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अरविंद शर्मा मूल रूप से यूपी के मऊ जनपद के रहने वाले हैं। भाजप ज्वाइन करने के बाद अरविंद ने कहा कि मैं पिछले गांव का व्यक्ति हूं। संघर्ष से आईएएस बना। बिना राजनीतिक बैकग्राउंड के मुझे यदि राजनीति में लाया गया है तो यह भाजपा और नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं, जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी निभाऊंगा। अरविंद शर्मा ने 2001 से लेकर 2013 तक नरेंद्र मोदी के साथ काम किया। उस समय मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। अरविंद शर्मा को अगले साल सेवानिवृत्त होना था, मगर इससे पहले उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी।