राम मंदिर : राष्ट्रपति ने 5 लाख रुपए दान किए

देशभर में निधि समर्पण अभियान की शुरुआत

लखनऊ। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए शुक्रवार से निधि समर्पण अभियान शुरू हो गया। इसके तहत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 5 लाख रुपए का दान दिया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) इस योजना को देश में 50 करोड़ नागरिकों तक पहुंचाने की मंशा रखता है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होना है। इसके लिए काम आरंभ हो चुका है। मंदिर निर्माण हेतु अब निधि समर्पण अभियान प्रारंभ किया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज और विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की। इस दरम्यान राष्ट्रपति से राम मंदिर के लिए 5 लाख रुपए का अनुदान मिला। उधर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख रुपए का दान दिया है। राम मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि राम मंदिर निधि समर्पण अभियान में जनता की स्वेच्छा से समर्पित भाव से दान लिया जाएगा। इस अभियान में एकत्र पैसा भगवान का पैसा कहा जाएगा। स्वेच्छिक दानकर्ताओं के लिए कूपन छापे जाएंगे। ये कूपन 10 रुपए, 100 रुपए और एक हजार रुपए के होंगे। 100 रुपए के कूपन 8 करोड़ की संख्या में, 10 रुपए के कूपन 4 करोड़ की संख्या में और हजार रुपए के कूपन 12 लाख की संख्या में छापे जाएंगे। सभी कूपन बंटने से 960 करोड़ रुपए जमा हो सकेंगे। यह राशि जमा करते समय पूरी पारदर्शिता का ख्याल रखा जाएगा। यह रकम भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा की जाएगी। भारतीय स्टेट बैंक की 22 हजार शाखाएं, पंजाब नेशनल बैंक की 14 हजार और बैंक ऑफ बड़ौदा की 10 हजार शाखाओं में पैसा जमा होगा। इस प्रकार से 46 हजार बैंक शाखाओं के माध्यम से पूरे देश से लिया गया पैसा जमा होगा।