तिथियों का ऐलान, 2 चरण में कराए जाएंगे एग्जाम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोविड-19 वैक्सीनेशन के बीच बोर्ड परीक्षा की तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं। कोरोना काल में विद्यार्थियों की पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी है। इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं 3 से 22 फरवरी तक होंगी। यह परीक्षा 2 चरण में पूर्ण कराई जाएंगी। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद् के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं 3 से 12 फरवरी तक आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, आजमगढ़, देवीपाटन तथा बस्ती मंडल में कराई जाएंगी। तदुपरांत 13 से 22 फरवरी तक दूसरे चरण की परीक्षाएं होंगी। दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी तथा गोरखपुर मंडल में प्रायोगिक परीक्षाएं होगी। इन परीक्षा के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी तथा परीक्षकों की नियुक्ति आदि की सूचना परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों की तरफ से दी जाएगी। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के प्रयोगात्मक विषयों में विद्यार्थियों को अंक 2 परीक्षकों द्वारा दिए जाएंगे। प्रायोगिक परीक्षा हेतु तय पूर्णांक में से 50 प्रतिशत अंक आंतरिक परीक्षक द्वारा जबकि 50 प्रतिशत अंक बाह्य परीक्षक द्वारा दिए जाएंगे। इसी तरह जो परीक्षार्थी व्यक्तिगत हैं, उन्हें आंतरिक मूल्यांकन व्यवस्था के तहत प्रायोगिक परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक उस स्कूल के परीक्षक देंगे, जहां उनका प्रायोगिक परीक्षा का केंद्र निर्धारित किया गया है। जबकि 50 प्रतिशत अंक बाह्य परीक्षक द्वारा दिए जाएंगे। हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षाएं पिछले साल की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर कराई जाएगी। हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होंगे। बता दें कि कोरोना काल में वार्षिक परीक्षाएं लेट हो चुकी हैं। पढ़ाई प्रभावित होने से विद्यार्थियों की चिंता बढ़ी हुई है।















