इधर वेंडिंग जोन का उदघाटन, उधर विरोध पर उतरे पार्षद
नगर निगम के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी की
गाजियाबाद। शहर में ठेली-पटरी दुकानदारों को वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित करने के लिए नगर निगम ने प्रयास आरंभ कर दिए हैं। नया गंज में कन्या वैदिक स्कूल के पास कूड़ाघर को विलोपित कर वेंडिंग जोन बनाया गया है। मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने फीता काटकर वेंडिंग जोन का शुभारंभ किया। इस मौके पर मेयर ने कहा कि वेंडिंग जोन में दुकानों का आवंटन ठेली-पटरी दुकानदारों को किया जाएगा। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने इसे वेंडिंग जोन घोषित कर दुकानों के लिए टीन शेड बनाया है। उधर, भाजपा पार्षदों ने वेंडिंग जोन का विरोध किया है। भाजपा पार्षद दल के नेता राजेंद्र त्यागी ने कहा कि नगर निगम बोर्ड बैठक में जमीन देने का प्रस्ताव पास कराए बगैर वेंडिंग जोन का उद्घाटन किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने सड़क पर और साइड पटरी पर खोखे आवंटित करने पर रोक लगा रखी है। ऐसे में डूडा सड़क पर कैसे वेडिंग जोन बना सकता है। उन्होंने कहा कि मेयर वेंडिंग कमेटी में शामिल नहीं हैं। फिर उनके द्वारा उद्घाटन करने का क्या औचित्य है। इस वेंडिंग जोन के खिलाफ पार्षद हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। करीब 35 फुट चौड़े रास्ते पर नगर निगम ने अवैध रूप से कूड़ाघर बनाया था। वहां ऐतिहासिक पार्क कंपनी बाग का आम रास्ता था। कूड़ा डालने का स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया तो कुछ दिन पहले निगम ने यह कूड़ाघर विलोपित कर दिया। नगर निगम की जमीन पर डूडा ने गुपचुप यह वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना बनाकर दुकानदारों से आवेदन भी ले लिए। पार्षदों का कहना है कि मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर को इसकी इजाजत देने का अधिकार नहीं है। यह बड़ी अनियमितता है। उधर, भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी व हिमांशु मित्तल का कहना है कि कमेटी का सदस्य होने के बावजूद चार-पांच बैठक से उन्हें वेंडिंग कमेटी की मीटिंग की जानकारी नहीं दी जा रही। वेंडिंग जोन न तो सड़क पर बनाया जा सकता है और ना नगर निगम से जमीन लेने का प्रस्ताव पास कराए बगैर बनाया जा सकता है। यह प्रस्ताव निरस्त किया जाए। अन्यथा हाईकोर्ट जाकर निरस्त कराएंगे। डूडा ने वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव कमेटी की बैठक बुलाने की बजाय सदस्यों के घर प्रस्ताव भेजकर गुपचुप कराया है। कमेटी के कई सदस्य ऐसे हैं जिनका कहना है कि उन्हें प्रस्ताव की डिटेल नहीं बताई गई थी। वहीं, पार्षद राजीव शर्मा का कहना है कि ठेली-पटरी दुकानदारों को डूडा द्वारा वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित करने का प्लान है। घंटाघर बाजार में करीब 25-26 दुकानदार हैं, जो जमीन पर बैठकर दुकान चलाते हैं। ठीए दिए भी जाएं तो सिर्फ उन्हीं को दिए जाएं।
















