नीलामी : जीडीए ने 7 करोड़ रुपए में बेचे 5 भूखंड

297 भूखंडों को नीलामी में बेचने को रखा गया

गाजियाबाद। जीडीए द्वारा खुली बोली के तहत नीलामी में औद्योगिक और कॉमर्शियल भूखंड बेचे जा रहे है। शुक्रवार को उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के निर्देश पर हिंदी भवन लोहिया नगर में नीलामी का आयोजन किया गया। जीडीए के फाइनेंस कंट्रोलर सूबेदार सिंह की अध्यक्षता में नीलामी प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि नीलामी में 297 भूखंडों को रखा गया था। नीलामी मेें मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के पॉकेट बी के 4 औद्योगिक भूखंड और कोयल एंक्लेव का एक भूखंड कॉमर्शियल बेचा गया। यह सभी 5 भूखंड करीब 7 करोड़ रुपए में बेचे गए। जीडीए अब नीलामी के जरिए 10 साल की लीज पर 5 सामुदायिक केंद्रों को आवंटित करेगा। जीडीए की विभिन्न योजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंडों को बेचने के लिए नीलामी का आयोजन हो रहा हैं। वहीं, नीलामी में अब 5 सामुदायिक केंद्र इंदिरापुरम अभयखंड-3, विवेकानंद नगर, लाजप तनगर एफ ब्लॉक और मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के पॉकेट एफ और ई के सामुदायिक केंद्र शामिल हैं। इन सामुदायिक केंद्रों का क्षेत्रफल 1234.63 वर्ग मीटर से 2957 वर्ग मीटर तक है। लीज पर सामुदायिक केंद्र आवंटित होने के बाद आवंटी को क्षेत्रफल और योजना के अनुसार जीडीए में किराया जमा करना होगा। सामुदायिक केंद्रों में बुकिंग का पैसा भी जीडीए द्वारा तय किया जाएगा। इन सामुदायिक केंद्रों को 10 साल की लीज पर आवंटित किया जाएगा। सचिव संतोष कुमार राय का कहना है कि जीडीए द्वारा नीलामी में बेची जा रही संपत्तियों से अब तक करीब 300 करोड़ से अधिक की आय हुई है। नीलामी में मधुबन-बापूधाम योजना के 158 औद्योगिक भूखंड, व्यवसायिक व आवासीय भूखंड, इंद्रप्रस्थ आवासीय योजना, नंदग्राम, गोविंदपुरम, कोयल एंक्लेव, प्रताप विहार, पटेल नगर आदि क्षेत्रों में व्यावसायिक और आवासीय भूखंड शामिल हैं। नीलामी में पेट्रोल पंप, अस्पताल, नर्सिंग होम, कियोस्क, आर्ट गैलरी, गु्रप हाउसिंग आदि के भूखंड भी शामिल हैं। इनमें से शुक्रवार को 5 भूखंड नीलामी में बेचे गए।