खालिस्तान समर्थक कुछ ट्विटर अकाउंट सस्पेंड
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस अब एक्शन में आ गई है। उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस ने 200 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। हिंसा की जांच और उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अब तक 22 एफआईआर दर्ज की है। उपद्रवियों पर दिल्ली में हिंसा करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों को घायल किए जाने का आरोप है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त की बैठक चल रही है। पुलिस कमिश्नर दिल्ली में किसानों द्वारा किए गए उपद्रव और हिंसा पर गृह मंत्री को विस्तृत रिपोर्ट देंगे। बैठक में आईबी के चीफ भी मौजूद हैं। हिरासत में लिए गए प्रदर्शकारियों से सघन पूछताछ की जा रही है। वहीं, दिल्ली में हिंसा के बाद खालिस्तान समर्थक कुछ ट्विटर अकाउंट सस्पेंड किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इन अकाउंट्स से भारत विरोधी एजेंडा चलाया जा रहा था। यह अकाउंट्स कनाडा और यूके से संचालित थे। बता दें कि यूके और कनाडा में बैठे खालिस्तान समर्थक निरंतर सोशल मीडिया के जरिए भारत के किसानों को उकसाने का काम कर रहे हैं। इसके जरिए वह खालिस्तान संबंधी मांग की मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। उधर, दिल्ली पुलिस लाल किले पर हुई हिंसा की जांच के लिए आईबी और केंद्रीय एजेंसियों की सहायता ले रही है। दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल से जांच कराए जाने की संभावना है। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हेतु गृह मंत्रालय अब कानून मंत्रालय की मदद भी ले रहा है। लाल किले पर उपद्रव की घटना से गृह मंत्रालय बेहद गंभीर है। पुलिस अधिकारियों को उपद्रवियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त घटना में घायल पुलिस कर्मियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में हिंसा ग्रस्त क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।















