बिहार : बैंक में दिनदहाड़े 40 लाख की लूट

भागने से पहले सीसीटीवी भी तोड़ गए लुटेरे

पटना। बिहार में बेखौफ अपराधियों पर शिकंजा कसने में सरकार को कोई सफलता नहीं मिल रही है। बढ़ते अपराधों के क्रम में अब कुछ हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर करीब 40 लाख रुपए लूट लिए। जाने से पहले बदमाशों ने बैंक परिसर में सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। दिनदहाड़े यह वारदात होने से एकाएक सनसनी फैल गई। पुलिस ने फरार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। जनपद वैशाली के बिदुपुर में एक्सिस बैंक की ब्रांच में यह सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। एक्सिस बैंक की यह शाखा कंचनपुर में है। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार 4 बदमाश बैंक में ग्राहक बनकर घुसे थे। भीतर के माहौल और सुरक्षा व्यवस्था को भांपने के बाद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दियसा। लगभग करीब 30-40 लाख रुपए की लूट होने की खबर मिल रही है। सूचना पाकर पुलिस आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन और पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बताया गया है कि सभी बदमाश नकाबपोश थे। सभी के पास हथियार भी था। वारदात के समय 4 बदमाश बैंक के बाहर भी मौजूद बताए गए हैं। वह चारों बाहर के माहौल पर नजर रख रहे थे। लगभग 40 लाख रुपए बैग में भरने के बाद बदमाश हथियार को लहरा कर रफूचक्कर हो गए। भागने पहले बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे में भी तोड़-फोड़ की। इस वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उधर, बिहार में बढ़ती वारदातों ने नीतीश सरकार की नाक में दम कर रखा है। विपक्षी दल निरंतर सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार में हत्या, लूट आदि की वारदातें रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुरक्षा व्यवस्था के मसले पर टॉप लेवल के अधिकारियों को कड़ा संदेश भी दे चुके हैं।