राहत : एनएच-24 अनलॉक, अब भरिए फर्राटा

दिल्ली-गाजियाबाद के बीच आवागमन की परेशानी दूर

गाजियाबाद। किसान आंदोलन के कारण लंबे समय से बाधित राष्ट्रीय राजमार्ग-24 अनलॉक कर दिया गया है। इस रूट पर अब वाहन फर्राटा भरने लगे हैं। दिल्ली-गाजियाबाद के बीच आवागमन सुचारू होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 को गुरुवार की सुबह खोल दिया गया। दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक एन.एच.-24 खोल दिया गया है। इससे दिल्ली से गाजियाबाद के बीच का रूट बहाल हो गया है। इसके पहले बुधवार की शाम को चिल्ला बॉर्डर खोला गया था। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। इसके तहत एन.एच.-24 पर दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले मार्ग को खोला गया है। हालांकि इसके साथ कोविड-19 (कोरोना वायरस को लेकर सावधानी बरतने को भी कहा गया है। एन.एच.-24 पर अब यातायात सामान्य है। एन.एच.-24 गाजियाबाद और दिल्ली को जोड़ता है। यह रूट बहाल होने से दिल्ली से गाजियाबाद या गाजियाबाद से दिल्ली आना-जाना अब आसान हो गया है। किसानों के आंदोलन के कारण यह रूट काफी समय से बाधित था। नतीजन वाहन चालकों को वैकल्पिक रूट के जरिए सफर करना पड़ रहा था। वैकल्पिक रूट के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बता दें कि दिल्ली हिंसा के बाद किसानों के तेवर जहां नरम पड़े हैं, वहीं जनता का गुस्सा भी सामने आने लगा हैं। सिंघु बॉर्डर पर आज नरेला के काफी संख्या में नागरिक पहुंचे। उन्होंने विरोध-प्रदर्शन कर तिरंगे का अपमान न सहने की घोषणा की। सिंघु बॉर्डर पर पहुंचे नागरिकों ने साफ कहा है कि हिंदुस्तान अब तिरंगे का अपमान नहीं सहेगा। प्रदर्शनकारियों ने किसानों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने किसान आंदोलन को समाप्त करने की पुरजोर मांग की। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर के अलावा राजस्थान के शाहजहांपुर में भी किसानों के खिलाफ जनाक्रोश देखने को मिला है। वहां 15 गांवों की महापंचायत आयोजित की गई है। महापंचायत में शाहजहांपुर में किसानों के धरने का विरोध किया गया।