सीबीएसई : 10वीं और 12वीं की डेटशीट आई

15 जुलाई तक घोषित होंगे परीक्षा परिणाम

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा के लिए डेटशीट जारी कर दी है। डेटशीट का विद्यार्थियों को बेसब्री से इंतजार था। छात्र-छात्राओं को अब तक सिर्फ परीक्षा आरंभ होने की तिथि की जानकारी थी। अब वह परीक्षा का सब्जेक्ट वाइज शेडयूल भी देख सकते हैं। डेटशीट के हिसाब से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में आसानी होगी। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा कोरोना गाइड लाइंस के तहत आयोजित की जाएगी। इस दौरान फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग नियम का भी पालन करना होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के मुताबिक बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद मूल्यांकन होगा और 15 जुलाई तक परिणाम घोषित करने का प्रयास किया जाएगा। उम्मीद है कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम 15 जुलाई तक जारी हो सकता है। बोर्ड एग्जाम के लिए स्टूडेंट्स का एडमिट कार्ड अप्रैल में जारी किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का कहना है कि 12वीं कक्षा की परीक्षा 4 मई से आरंभ हो सकती है। उधर, सीबीएसई ने विद्यार्थियों के अलावा शिक्षकों और अभिभावकों को सतर्क भी किया है। बोर्ड का कहना है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी सीबीएसई की वेबसाइट पर जारी होगी। यदि आपके पास सोशल मीडिया पर कोई फेक डेटशीट आती है तो उससे सतर्क रहें। शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने गत 28 जनवरी को बताया था कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की डेटशीट 2 फरवरी को जारी की जाएगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने ककु दिन पहले यह कहा था कि सभी विद्यालयों को प्रैक्टिकल परीक्षाएं/प्रोजेक्ट/आंतरिक मूल्यांकन के कार्य उस तारीख से पहले पूरे कर लेने चाहिए, जब उस कक्षा की परीक्षाएं खत्म हो रही हैं। वहीं, बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी होने से विद्यार्थियों को काफी राहत मिल गई है।