गाजियाबाद। नगर निगम ने बकाया हाउस टैक्स का भुगतान न करने पर बड़े बकाएदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर पांचों जोन में हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने पर बकाएदारों को कुर्की नोटिस जारी किए गए हैं। 100 से ज्यादा बकाएदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने वालों को सभी 5 जोन अंतर्गत कुर्की नोटिस जारी किए जा रहे हैं। हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने पर इनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर निगम के सिटी जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा ने टीम के साथ भाटिया मोड़ स्थित हाउस टैक्स के बड़े बकाएदारों को कुर्की के नोटिस दिए। 10 बड़े बकाएदारों को कुर्की के नोटिस तामील कराकर बकाया टैक्स जमा नहीं करने पर कुर्की करने की चेतावनी दी गई है। नगर निगम ने अब तक 100 से ज्यादा बड़े बकाएदारों को कुर्की नोटिस दिए हैं। योगेश कुमार गोयल निवासी बजरिया पर 90306 रुपए बकाया होने पर पूर्व में दुकान सील की गई। बजरिया स्थित गोपाल प्लाजा होटल को सील किया गया।
















