जीडीए का सख्त रूख, अवैध निर्माण सील

लोनी और प्रताप विहार में की गई कार्रवाई

गाजियाबाद। बगैर मानचित्र स्वीकृत किए गए अवैध निर्माण पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) निरंतर कार्रवाई कर रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के सख्त निर्देश के तहत लोनी में गुरुवार को अवैध निर्माण सील किए गए। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी ओएसडी संजय कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। लोनी तहसीलदार प्रकाश सिंह ने प्रवर्तन जोन-8 के सहायक अभियंता आर.के. सिंह, अवर अभियंता सचिन अग्रवाल, यशोदानंद त्रिपाठीए, राजेंद्र ककुमार शर्मा, प्रवर्तन दस्ता और पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई की।

सहायक अभियंता आरके सिंह ने बताया कि लोनी बॉर्डर क्षेत्र में रविंद्र उर्फ पप्पी, जौहरी एंक्लेव मेट्रो स्टेशन के सामने इंद्रा एंक्लेव में शब्बीर अहमद पुत्र निजामुद्दीन, जावेद आलम पुत्र शब्बीर अहमद, इंद्रा एंक्लेव में चिराग पुत्र राजकुमार, जौहरी एंक्लेव मेट्रो स्टेशन पिलर से खसरा नंबर-828, इंद्रा एंक्लेव में सुनील कुमार पुत्र जयप्रकाश, गंगा एंक्लेव लोनी में पीयूष पुत्र शौकीन पाल द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। वहीं, जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल ने अवर अभियंता ज्ञानप्रकाश द्विवेदी, संजय कुमार, जेई अशोक अरोड़ा, अभय बेनीपुरी, संजीव गुप्ता, जीडीए पुलिस और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्त कर दिया।

प्रवर्तन जोन-4 प्रभारी योगेश कुमार पटेल ने बताया कि आवास एवं विकास परिषद की सिद्वार्थ विहार योजना के पीछे बंधा के पीछे हिंडन डूब क्षेत्र में अवैध रूप से करीब 6 हजार वर्गमीटर भूमि पर काटी जा रही कॉलोनी में बाउंड्रीवाल, नींव व कमरे आदि को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा प्रताप विहार में भवन संख्या एल-378, एल-378, सेक्टर-12 प्रताप विहार में अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया।